संभल (उप्र) एक अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश पुलिस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित टिप्पणी के लिए कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के महासचिव सचिन चौधरी के खिलाफ शनिवार को प्राथमिकी दर्ज की।
अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) श्रीश चंद्र ने बताया कि भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) नेता अक्षित अग्रवाल की शिकायत पर संभल कोतवाली में कानून की सुसंगत धाराओं में एक मामला दर्ज किया गया है।
भाजयुमो के जिला कार्यालय प्रभारी अग्रवाल ने यहां पत्रकारों को बताया कि शुक्रवार को यहां एक पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ टिप्पणी की।
चौधरी ने अडाणी मामले को लेकर प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता की ‘अशोभनीय और आपत्तिजनक टिप्पणी’ वाली वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर ‘वायरल’ हो गई।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता ने हिंदू धर्म के खिलाफ भी आपत्तिजनक टिप्पणियां की।
अग्रवाल ने कहा कि उन्होंने कांग्रेस नेता की टिप्पणी वाली वीडियो क्लिप भी पुलिस को दी है।
भाषा सं आनन्द राजकुमार पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.