scorecardresearch
Saturday, 25 April, 2026
होमदेशबच्चों की तस्वीरें साझा करने पर संजय राउत, राघव चड्ढा के खिलाफ कार्रवाई के लिए एनसीपीसीआर ने पुलिस को लिखा पत्र

बच्चों की तस्वीरें साझा करने पर संजय राउत, राघव चड्ढा के खिलाफ कार्रवाई के लिए एनसीपीसीआर ने पुलिस को लिखा पत्र

Text Size:

नयी दिल्ली, तीन मार्च (भाषा) राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (एनसीपीसीआर) ने दिल्ली पुलिस को पत्र लिखकर कथित रूप से ‘नाबालिग की तस्वीर’ ट्विटर पर साझा करने को लेकर शिवसेना नेता संजय राउत और आम आदमी पार्टी के नेता राघव चड्ढा के खिलाफ जांच और जरूरी कार्रवाई करने की मांग की है।

आयोग ने आरोप लगाया कि ‘‘राजनीतिक एजेंडे को आगे बढ़ाने’’ के लिए ये तस्वीरें साझा की गईं।

पत्र के मुताबिक, आयोग ने यह भी पाया कि नेताओं द्वारा कथित रूप से तस्वीर साझा करने का उद्देश्य मनीष सिसोदिया के खिलाफ सीबीआई द्वारा जारी जांच से ध्यान भटकाना था।

गौरतलब है कि राउत और चड्ढा राज्यसभा सदस्य हैं।

सिसोदिया ने 2021-22 आबकारी नीति में कथित भ्रष्टाचार के संबंध में सीबीआई द्वारा गिरफ्तार किए जाने के बाद हाल में मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था। सिसोदिया के पास शिक्षा सहित दिल्ली सरकार के 18 विभागों का प्रभार था।

आयोग ने कहा कि उसे राउत और चड्ढा के सोशल मीडिया पोस्ट के बारे में शिकायत मिली है, जिन्होंने अपने ट्विटर हैंडल पर ऐसी तस्वीरें साझा की हैं, जिसमें आम आदमी पार्टी नेता एवं राज्य के तत्कालीन शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया स्कूलों में नाबालिग बच्चों के साथ दिख रहे हैं।

आयोग ने कहा कि इस मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई के लिए दिल्ली पुलिस आयुक्त को पत्र लिखा गया है, जिसकी प्रति दिल्ली के मुख्य सचिव को भेजी गई है।

आयोग ने दिल्ली पुलिस से किशोर न्याय कानून के तहत उचित कार्रवाई करने को कहा है।

भाषा

शफीक नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments