scorecardresearch
Tuesday, 24 February, 2026
होमदेशअर्थजगतराजस्थान से गुजर रहे अमृतसर-जामनगर एक्सप्रेस वे पर 11 सौर ऊर्जा संयंत्र लगेंगे

राजस्थान से गुजर रहे अमृतसर-जामनगर एक्सप्रेस वे पर 11 सौर ऊर्जा संयंत्र लगेंगे

Text Size:

जयपुर, 23 फरवरी (भाषा) राजस्थान से गुजरने वाले अमृतसर-बठिंडा-जामनगर एक्सप्रेस वे के खंड में छह स्थानों पर 11 सौर ऊर्जा संयंत्र लगाए जाएंगे। इसके लिए जोधपुर वितरण निगम लि. एवं नेशनल हाइवेज लॉजिस्टिक मैनेजमेंट लिमिटेड के बीच समझौता हुआ है।

एक सरकारी बयान के अनुसार इस बारे में एक बैठक बुधवार को यहां मुख्य सचिव उषा शर्मा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में जोधपुर बिजली वितरण कंपनी तथा नेशनल हाइवेज लॉजिस्टिक मैनेजमेंट लिमिटेड (एनएचएलएमएल) के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किये गए।

इस समझौते के तहत अमृतसर-बठिंडा-जामनगर एक्सप्रेसवे पर राज्य में तीन जिलों हनुमानगढ़, बीकानेर और जोधपुर के कुल छह स्थानों पर 11 सौर उर्जा संयंत्र विकसित किये जायेंगे। कुल 27.43 मेगावॉट क्षमता के ये उर्जा संयंत्र सौर कृषि आजीविका योजना (पीएम कुसुम) के तहत लगाए जायेंगे। ये संयंत्र हनुमानगढ़ जिले के कोल्हा गांव, बीकानेर जिले के मलकीसर-गोपल्यान रोड,नौरंगदेसर एवं रासीसर गांव तथा जोधपुर जिले के भीकमकोर गांव में लगेंगे।

उल्लेखनीय है कि सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने नेशनल हाइवेज लॉजिस्टिक्स मैनेजमेंट लिमिटेड के माध्यम से यह कार्य योजना तैयार की है। जिसमें राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेस हाइवेज के किनारे सौलर पैनल लगाए जाने हैं। यह योजना पीपीपी (सार्वजनिक निजी भागीदारी) मोड के आधार पर विकसित की जाएगी।

बैठक में सौर बुनियादी ढांचा विकसित करने से जुड़े विभिन्न मुद्दों एवं भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई)और राज्य सरकार के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग व एक्सप्रेस हाइवे से सम्बंधित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एनएचएलएमएल के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्यों में तेजी लायें।

भाषा पृथ्वी नेत्रपाल रमण

रमण

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments