ठाणे, 12 फरवरी (भाषा) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के प्रमुख और पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री शरद पवार ने फलों और सब्जियों के निर्यात में कठिनाइयों को दूर करने के लिए ‘पर्याप्त कदम नहीं उठाने के लिए’ केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की आलोचना की है।
उन्होंने शनिवार को नवी मुंबई के सानपाड़ा में एक कार्यक्रम के दौरान संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि केंद्र, किसानों के फलों और सब्जियों के निर्यात संबंधित दिक्कतों को अनदेखी कर रहा है। इनमें विशेष रूप से प्याज की फसल है, जिसे घरेलू स्तर पर अच्छी कीमत प्राप्त करने के लिए निर्यात की आवश्यकता है।
उन्होंने राजमार्गों और एक्सप्रेसवे, रेल मार्गों एवं हवाई अड्डों जैसी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के लिए भूमि अधिग्रहण में वृद्धि की ओर भी ध्यान आकर्षित किया। पवार का दावा है कि इन सभी ने कृषि उद्योग पर दबाव डाला है।
उन्होंने कहा, ”केंद्र को कृषि के आधुनिकीकरण के लिए सहयोग करना चाहिए। फलों और सब्जियों का उत्पादन बढ़ रहा है, लेकिन इसके निर्यात में बाधाएं हैं, जिस पर केंद्र ध्यान नहीं दे रहा है।”
भाषा रिया अनुराग नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
