सहारनपुर (उप्र) चार जुलाई (भाषा) सहारनपुर जिले में गंगोह थाना क्षेत्र के महंगी ग्राम स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की 15 छात्राओं को तबीयत खराब होने पर स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने बताया कि कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की 15 छात्राओं की तबीयत रविवार रात को बिगड़ गई जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई गई है। सिंह के मुताबिक प्रथम दृष्टतया यह मामला खाद्य विषाक्तता का प्रतीत हो रहा है।
जिलाधिकारी ने बताया कि इस मामले में जांच के लिए अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहारनपुर की टीम गठित कर दी गई है और उसे 48 घंटे में अपनी रिपोर्ट देने को कहा गया है।
सिंह के अनुसार रविवार दोपहर स्कूल की वार्डन मुकेश देवी ने बेसिक शिक्षा अधिकारी को बताया कि स्कूल में कुल 83 लड़कियों में से 30 ने बेचैनी और उल्टी की शिकायत की जिसके बाद स्वास्थ्य केंद्र की एक टीम को बुलाकर जांच कराई गई और जांच के बाद में 15 लड़कियों को गंगोह के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। हालत ज्यादा गंभीर होने पर कुछ को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
भाषा सं आनन्द राजकुमार
राजकुमार
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.