उदयपुर/जयपुर, चार जुलाई (भाषा) राजस्थान के उदयपुर शहर में सोमवार को कर्फ्यू में सुबह आठ बजे से 12 घंटे की ढील दी गई।
उदयपुर के जिलाधीश ताराचंद मीणा के मुताबिक, ‘‘सोमवार को सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक कर्फ्यू में 12 घंटे की ढील दी गई। शहर में स्थिति पूरी तरह से सामान्य है।’’
एक अन्य अधिकारी ने बताया कि जिले में 12 बजे तक बंद मोबाइल इंटरनेट सेवाओं को बहाल कर दिया गया है।
गौरतलब है कि उदयपुर शहर में बीते मंगलवार को दो लोगों ने दर्जी कन्हैयालाल की हत्या कर दी थी, जिसके बाद क्षेत्र में सांप्रदायिक तनाव पैदा हो गया था। मंगलवार शाम को ही शहर के सात थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू लगा दिया गया था।
वहीं, केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने सोमवार को उदयपुर में कन्हैयालाल के परिजनों से मुलाकात कर उनका दर्द साझा किया।
शेखावत ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि कन्हैयालाल को बार-बार धमकी मिलने के बावजूद पुलिस द्वारा केवल आश्वासन देना, बार-बार सुरक्षा की गुहार लगाने के बावजूद सुरक्षा प्रदान न करना, बल्कि उन्हीं को सीसीटीवी कैमरा लगाने के लिए बाध्य करना और अंतिम समय तक सुरक्षा मांगने पर यह कहना कि ‘वी आर जस्ट ए फोन कॉल अवे’ (हम बस एक फोन कॉल दूर हैं) शर्मनाक है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जिला और पुलिस प्रशासन, जिन्होंने कन्हैयालाल को सुरक्षा का भरोसा दिलाया था, वह और उसके पीछे खड़ी राजस्थान सरकार भी हत्या की दोषी है।
शेखावत ने कन्हैयालाल को बचाने का प्रयास करने वाले ईश्वर सिंह से भी मुलाकात की।
पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ भाजपा की निलंबित प्रवक्ता नुपुर शर्मा की कथित विवादास्पद टिप्पणी का सोशल मीडिया पर समर्थन करने पर दर्जी कन्हैयालाल की पिछले हफ्ते रियाज अख्तरी और गौस मोहम्मद नाम के दो लोगों ने चाकू से हमला कर हत्या कर दी थी।
दोनों आरोपियों को वारदात के कुछ घंटों बाद राजसमंद के भीम क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया था।
बृहस्पतिवार रात को दर्जी कन्हैयालाल की दुकान की टोह लेने (रेकी) और हत्या की साजिश में शामिल होने के आरोप में दो और लोगों को गिरफ्तार किया गया था। चारों आरोपी अभी राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) की हिरासत में हैं।
भाषा
कुंज पृथ्वी पारुल
पारुल
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.