scorecardresearch
Saturday, 18 April, 2026
होमदेशपंजाब मंत्रिपरिषद का विस्तार, आप के पांच विधायकों ने ली मंत्री के रूप में शपथ

पंजाब मंत्रिपरिषद का विस्तार, आप के पांच विधायकों ने ली मंत्री के रूप में शपथ

Text Size:

चंडीगढ़, चार जुलाई (भाषा) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोमवार को अपनी मंत्रिपरिषद का विस्तार किया, जिसमें आम आदमी पार्टी (आप) के पांच विधायकों ने मंत्री के रूप में शपथ ली।

इस साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव में जीत के उपरांत राज्य की सत्ता में आप के आने के बाद मान के नेतृत्व वाली सरकार का यह पहला मंत्रिपरिषद विस्तार है।

पंजाब के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित ने सोमवार शाम यहां पंजाब राजभवन के गुरु नानक देव सभागार में विधायकों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

सुनाम से दो बार के विधायक अमन अरोड़ा को छोड़कर चार अन्य पहली बार विधायक बने हैं।

सबसे पहले अरोड़ा ने शपथ ली। उनके बाद डॉ. इंद्रबीर सिंह निज्जर ने शपथ ली, जो अमृतसर दक्षिण सीट से विधायक हैं।

उनके बाद, गुरु हर सहाय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले फौजा सिंह सराय, समाना से विधायक चेतन सिंह जौरमाजरा और खरड़ से विधायक अनमोल गगन मान को कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ दिलाई गई। अनमोल गगन मान दूसरी महिला हैं, जो मान के नेतृत्व वाली सरकार में कैबिनेट मंत्री बनी हैं।

इन सभी ने पंजाबी में शपथ ली।

पांच नए चेहरों में से चार विधायक मालवा क्षेत्र से और एक विधायक माझा क्षेत्र से हैं।

पांच और मंत्रियों के शामिल होने से मान के नेतृत्व वाली कैबिनेट में मंत्रियों की संख्या मुख्यमंत्री सहित 15 हो गई है।

विधानसभा चुनाव में शानदार जीत के साथ आप की सरकार बनने के बाद मार्च में पहली बार के आठ विधायकों सहित 10 विधायकों को मंत्री के रूप में शामिल किया गया था।

हालांकि, मई में स्वास्थ्य मंत्री विजय सिंगला को भ्रष्टाचार के आरोपों में राज्य मंत्रिपरिषद से बर्खास्त कर दिया गया था, जिससे राज्य सरकार में मंत्रियों की संख्या नौ रह गई थी।

पंजाब में मुख्यमंत्री सहित मंत्रियों की अधिकतम संख्या 18 हो सकती है। आम आदमी पार्टी ने पंजाब में 117 सीट वाली विधानसभा में 92 सीट जीतकर सत्ता हासिल की थी।

भाषा नेत्रपाल दिलीप

दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments