scorecardresearch
Friday, 17 April, 2026
होमदेशरात नौ बजे के मुख्य समाचार

रात नौ बजे के मुख्य समाचार

Text Size:

नयी दिल्ली, आठ मई (भाषा) रविवार को रात नौ बजे तक ‘भाषा’ की विभिन्न फाइलों से जारी देश और दुनिया के मुख्य समाचार इस प्रकार हैं:

दि37 शाह प्रधानमंत्री पुस्तक

प्रधानमंत्री मोदी सही अर्थों में राष्ट्रीय नेता हैं: अमित शाह

नयी दिल्ली, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि नरेंद्र मोदी सही अर्थों में ‘‘राष्ट्रीय नेता’’ हैं जिन्होंने प्रधानमंत्री शब्द को वास्तविक पहचान दी है। शाह ने यह भी कहा कि इससे पहले यह तमगा उन नेताओं को भी मिल जाता था जो कभी अपनी योग्यता साबित नहीं कर सके और जो केवल एक या दो सुरक्षित लोकसभा क्षेत्र से ही चुनाव जीतने में सक्षम थे।

दि36 सावंत यूसीसी

गोवा नागरिक संहिता अन्य राज्यों के लिए आदर्श हो सकती है: प्रमोद सावंत

नयी दिल्ली, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा है कि गोवा में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) का पालन किया जा रहा है और किसी तरह का सांप्रदायिक तनाव नहीं हुआ है। सावंत ने सुझाव दिया कि गोवा इस तरह के कानून को लागू करना चाह रहे अन्य राज्यों के लिए एक मॉडल हो सकता है।

प्रादे49 हिमाचल प्रदेश लीड खालिस्तान झंडे

हिमाचल प्रदेश विधानसभा के प्रवेश द्वार पर लटके मिले खालिस्तान के झंडे

धर्मशाला, हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मुख्य द्वार पर खालिस्तान के झंडे लटकाए जाने और इसकी दीवारों पर कुछ आपत्तिजनक नारे लिखे जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने रविवार को इसकी जानकारी देते हुए घटना की जांच शुरू कर दी है।

अर्थ15 सीतारमण आरबीआई

रेपो दर में वृद्धि नहीं, इसका समय हैरान करने वाला थाः सीतारमण

मुंबई, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा है कि भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा हाल में नीतिगत दरों में बढ़ोतरी का फैसला नहीं, बल्कि इस निर्णय का समय हैरान करने वाला है। इसके साथ ही उन्होंने भरोसा जताया है कि कोष की लागत बढ़ने से सरकार के नियोजित बुनियादी ढांचा निवेश पर असर नहीं पड़ेगा।

प्रादे83 उप्र ज्ञानवापी मुकदमा

ज्ञानवापी मामले की वादी महिलाओं ने कहा, मरते दम तक लड़ेंगे मुकदमा

वाराणसी (उत्तर प्रदेश), वाराणसी के ज्ञानवापी परिसर स्थित श्रृंगार गौरी में नियमित दर्शन पूजन और अन्य देवी-देवताओं के विग्रहों की सुरक्षा के लिए दायर किये गए वाद के मुख्य पक्षकार विश्व वैदिक सनातन संघ के प्रमुख जितेंद्र सिंह बिसेन द्वारा वाद वापस लिए जाने की खबरों के बीच अन्य चार वादी महिलाओं ने कहा है कि वे मरते दम तक यह मुकदमा लड़ेंगी।

दि10 राहुल एलपीजी वृद्धि

सिर्फ कांग्रेस गरीबों, मध्यम वर्गीय परिवारों के कल्याण के लिए काम करती है : राहुल गांधी

नयी दिल्ली, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम में वृद्धि को लेकर रविवार को सरकार पर हमला तेज करते हुए कहा कि केवल उन्हीं की पार्टी गरीबों और मध्यम वर्गीय परिवारों की भलाई के लिए काम करती है।

दि13 चक्रवात लीड असानी

बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान ‘असानी’, पूर्वी तट के समानांतर बढ़ने के आसार

नयी दिल्ली/भुवनेश्वर, बंगाल की खाड़ी में रविवार को दक्षिण-पूर्वी क्षेत्र के ऊपर बना गहरा दबाव वाला क्षेत्र बीते छह घंटों के दौरान 16 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार के साथ चक्रवाती तूफान ‘असानी’ में बदलकर पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की दिशा में बढ़ गया।

प्रादे63 कश्मीर दूसरी लीड मुठभेड़

जम्मू-कश्मीर : कुलगाम में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में दो आतंकवादी ढेर

श्रीनगर, जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में रविवार को सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गए जिनमें लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) का एक पाकिस्तानी आतंकवादी भी शामिल है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

वि33 यूक्रेन जिल लीड यात्रा

अचानक यूक्रेन पहुंचीं अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन की पत्नी जिल बाइडन

उज्जोर्ड (यूक्रेन), अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन की पत्नी जिल बाइडन रविवार को अचानक पश्चिमी यूक्रेन पहुंचीं और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की की पत्नी ओलेना जेलेंस्की से मुलाकात की।

वि17 रूस यूक्रेन लीड युद्ध

यूक्रेन ने मारियुपोल में इस्पात संयंत्र से लोगों को निकाला, रूस ने ओडेसा में मिसाइलें दागी

जापोरिज्जिया (यूक्रेन), रूस की सेना ने शनिवार को दक्षिणी यूक्रेन के ओडेसा शहर में क्रूज मिसाइलें दागी और मारियुपोल में घेरे गए इस्पात संयंत्र पर बमबारी की, जहां यूक्रेन के लड़ाके फंसे हुए हैं।

खेल30 खेल आईपीएल लीड आरसीबी

डुप्लेसी और हसरंगा ने हैदराबाद के खिलाफ आरसीबी को दिलाई बड़ी जीत

मुंबई, कप्तान फाफ डुप्लेसी ( 50 गेंद में नाबाद 73) की शानदार बल्लेबाजी के बाद वानिंदु हसरंगा ( 18 रन पर पांच विकेट) की अगुवाई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (आरसीबी) ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मुकाबले में रविवार को यहां सनराइजर्स हैदराबाद को 67 रन से करारी शिकस्त दी।

खेल29 खेल हॉकी महिला राष्ट्रीय

सीनियर महिला राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप: कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, गोवा और हिमाचल जीते

भोपाल, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, गोवा और हिमाचल प्रदेश ने रविवार को यहां 12वीं हॉकी इंडिया सीनियर महिला राष्ट्रीय चैंपियनशिप के तीसरे दिन अपने अपने पूल मुकाबलों में जीत दर्ज की।

भाषा अमित नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments