सोनीपत, 17 फरवरी (भाषा)। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि कांग्रेस पंजाब, उत्तराखंड और गोवा में सरकार बनाने जा रही है, जबकि उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनावों में भी पार्टी मजबूत उपस्थिति दर्ज करवाएगी।
गोहाना में संवाददाताओं से मुखातिब हुड्डा ने कहा कि वह स्टार प्रचारक के तौर पर पांचों चुनावी राज्यों में प्रचार करने के लिए गए हैं और इस दौरान माहौल देखकर स्पष्ट है कि कांग्रेस पंजाब, उत्तराखंड और गोवा में जीत हासिल करने जा रही है, जबकि यूपी में भी पार्टी मजबूत उपस्थिति दर्ज करवाएगी।
पूर्व मुख्यमंत्री ने हरियाणा की भाजपा-जेजेपी सरकार पर राज्य को बेरोजगारी, अपराध और महंगाई के मामले में शीर्ष पर पहुंचाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आज हरियाणा के युवा देश में बेरोजगारी का दंश सबसे ज्यादा झेल रहे हैं, क्योंकि गठबंधन सरकार रोजगार सृजन में पूरी तरह से नाकाम रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस नाकामी को छिपाने के लिए भाजपा-जेजेपी सरकार निजी नौकरियों में 75 फीसदी आरक्षण दिलाने का वादा कर रही है।
हुड्डा पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष कमला भावड़ के पोते के शादी समारोह समेत कई सामाजिक कार्यक्रमों में शिरकत करने के लिए गोहना पहुंचे थे।
भाषा
सं. पारुल
पारुल
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.