ढाका, 26 अगस्त (भाषा) बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के नेतृत्व वाली बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) ने सोमवार को मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस के राष्ट्र के नाम संबोधन में देश में परिवर्तन के लिए ‘‘रोडमैप’’ की कमी पर अपनी निराशा व्यक्त की।
यूनुस ने पांच अगस्त को शेख हसीना के नेतृत्व वाली सरकार के सत्ता से बेदखल होने के बाद आठ अगस्त को अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार के रूप में कार्यभार संभाला था। यूनुस ने रविवार को राष्ट्र को आश्वासन दिया कि उनकी सरकार विभिन्न क्षेत्रों में सुधार करने के बाद देश में स्वतंत्र, निष्पक्ष और समावेशी चुनाव कराएगी।
यूनुस ने कहा, ‘‘प्रशासन, न्यायपालिका, चुनाव आयोग और चुनाव प्रणाली, कानून-व्यवस्था में आवश्यक सुधारों के पूरा होने के बाद, छात्र-लोगों के बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए एक स्वतंत्र, निष्पक्ष और समावेशी चुनाव कराया जाएगा।’’
नोबेल पुरस्कार से सम्मानित यूनुस (84) ने कहा कि चुनाव का समय एक राजनीतिक निर्णय है और लोग तय करेंगे कि यह अंतरिम सरकार कितने समय तक सत्ता में रहेगी।
यूनुस के संबोधन पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए, बीएनपी महासचिव मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर ने निराशा व्यक्त की कि राष्ट्र के नाम यूनुस के संबोधन में बदलाव की तरफ बढ़ने के लिए कोई ‘रोडमैप’ नहीं था।
एक परिचर्चा में उन्होंने आशा व्यक्त की कि अंतरिम सरकार राष्ट्रीय चुनाव और अन्य सुधारों पर निर्णय लेने के लिए शीघ्र ही राजनीतिक दलों के साथ बातचीत करेगी।
बीएनपी के वरिष्ठ नेता ने कहा, ‘‘हम अब भी असमंजस की स्थिति में हैं क्योंकि चीजें स्पष्ट नहीं हैं। हमें उम्मीद थी कि सलाहकार कोई रोडमैप पेश करेंगे। लेकिन हमें उनके भाषण में वह रोडमैप नहीं मिला।’’
उन्होंने कहा कि यूनुस ने अपने भाषण में कुछ सुधारों का संकेत दिया, लेकिन इन्हें कम समय में लागू नहीं किया जा सकता।
हालांकि, फखरुल ने कहा कि स्थिति लोगों के लाभ के लिए सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने यूनुस की टिप्पणी को उचित ठहराया कि चुनाव का समय राजनीतिक निर्णय का विषय है। फखरुल ने कहा, ‘‘लेकिन, इस निर्णय को लेने के लिए सरकार को राजनीतिक दलों और राजनेताओं के साथ चर्चा करने की आवश्यकता है।’’
इस बीच, बीएनपी ने हसीना के नेतृत्व वाली अवामी लीग सरकार के बेदखल होने के बाद देश की राजनीतिक स्थिति पर चर्चा करने के लिए रविवार को 12-पार्टी गठबंधन और अन्य समान विचारधारा वाले दलों के साथ बैठक की।
‘डेली स्टार’ अखबार की खबर के अनुसार, यह बैठक सहयोग के माध्यम से देश को स्थिर करने के उनके प्रयासों का हिस्सा थी। बैठक के दौरान नेताओं ने अंतरिम सरकार को समर्थन देने पर सहमति जताई।
भाषा आशीष रंजन
रंजन
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
