scorecardresearch
Wednesday, 11 March, 2026
होमविदेशतेजी से निर्वाचित सरकार को सत्ता सौंपूंगा : यूनुस

तेजी से निर्वाचित सरकार को सत्ता सौंपूंगा : यूनुस

Text Size:

ढाका, 10 फरवरी (भाषा) बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख मुहम्मद यूनुस ने मंगलवार को कहा कि उनका प्रशासन निर्वाचित सरकार को तेजी से सत्ता सौंप देगा और उन्होंने लोगों से बृहस्पतिवार को होने वाले आम चुनावों में वोट करने का आग्रह किया।

यूनुस ने इसे एक ऐतिहासिक, निर्णायक और भविष्य-निर्धारक क्षण बताया गया है।

बांग्लादेश में 12 फरवरी को संसदीय चुनाव होंगे। यह अगस्त 2024 में देशव्यापी व्यापक विरोध प्रदर्शनों में प्रधानमंत्री शेख हसीना को सत्ता से हटाए जाने के बाद पहले चुनाव होंगे।

युनुस ने चुनावों और ‘जुलाई चार्टर’ के कार्यान्वयन पर जनमत संग्रह से दो दिन पहले राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा, ‘हर राष्ट्र के जीवन में कुछ ऐसे दिन आते हैं जिनका दूरगामी महत्व होता है, जब किसी राज्य की भविष्य की दिशा, लोकतंत्र का चरित्र और स्थिरता तथा आने वाली पीढ़ियों का भाग्य निर्धारित होता है।’

मुख्य सलाहकार ने कहा, ‘परसों ऐसा ही एक दिन है, जब दो मतदान होने जा रहे हैं। हम सब मिलकर एक नई सरकार का चुनाव करेंगे और साथ ही जनमत संग्रह के माध्यम से अपने प्यारे बांग्लादेश के भविष्य के ढांचे का निर्धारण करेंगे।’

यूनुस ने कहा कि निर्वाचित सरकार तेजी से जिम्मेदारी संभालेगी। उन्होंने अंतरिम सरकार द्वारा सत्ता न सौंपने की अफवाहों को लोकतांत्रिक परिवर्तन में बाधा डालने के उद्देश्य से किया गया ‘बेबुनियाद प्रचार’ बताकर खारिज कर दिया।

यूनुस ने कहा, “हम अत्यंत प्रसन्नता और गर्व के साथ नव निर्वाचित सरकार को जिम्मेदारी सौंपेंगे… और अपने-अपने कामों पर लौटेंगे। हम उस शुभ घड़ी की बेसब्री से प्रतीक्षा कर रहे हैं।’

तारिक रहमान के नेतृत्व वाली बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) आगामी चुनावों में सबसे आगे मानी जा रही है। अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की अवामी लीग के चुनाव से बाहर होने के कारण बीएनपी की पुरानी सहयोगी जमात-ए-इस्लामी ही उसकी मुख्य प्रतिद्वंद्वी बनकर उभरी है।

यूनुस ने सभी राजनीतिक दलों से अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं को चुनाव प्रक्रिया के दौरान मतदाताओं को डराने-धमकाने, हिंसा करने या किसी भी प्रकार से प्रभावित करने के प्रयास के खिलाफ सख्त निर्देश जारी करने का आह्वान किया।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, ‘मतदान केंद्रों पर जबरन कब्जा करने, मतदान में बाधा डालने या अशांति फैलाने के किसी भी प्रयास को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।’

यूनुस ने कहा कि सरकार ने स्वतंत्र, निष्पक्ष, तटस्थ और शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के लिए अधिकतम तैयारियां की हैं। उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या हिंसा को रोकने के लिए रिकॉर्ड संख्या में कानून लागू करने वाले कर्मियों को तैनात किया गया है।

उन्होंने कहा, “आइए हम सब जिम्मेदारी, जागरूकता और शांतिपूर्ण भागीदारी के माध्यम से इस ऐतिहासिक क्षण को कामयाब बनाएं। हम डर के बजाय उम्मीद के साथ, उदासीनता के बजाय जिम्मेदारी के साथ, और विभाजन के बजाय एकता की शक्ति के साथ मतदान केंद्र जाएंगे।”

भाषा नोमान दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments