(सागर कुलकर्णी)
वाशिंगटन, 16 जून (भाषा) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उपराष्ट्रपति जेडी वेंस शुक्रवार को स्विट्जरलैंड में ईरान के साथ होने वाले शांति समझौते पर हस्ताक्षर कार्यक्रम में अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे।
‘द न्यूयॉर्क टाइम्स’ ने एक वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी के हवाले से खबर में कहा कि ट्रंप और वेंस दोनों ने ईरान के मुख्य वार्ताकार मोहम्मद बगेर गालिबाफ के साथ इस समझौते के मसौदे पर डिजिटल हस्ताक्षर कर दिए हैं।
ट्रंप ने सोमवार को फ्रांस में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि वेंस हस्ताक्षर समारोह में शामिल होंगे।
समारोह में उनकी उपस्थिति के बारे में पूछे जाने पर ट्रंप ने कहा, ‘‘मैं शामिल हो भी सकता हूं और नहीं भी।’’
उन्होंने कहा कि समझौते का पूरा ब्योरा ‘‘जल्द ही… शुक्रवार के बाद किसी समय’’ सार्वजनिक किया जाएगा।
उधर, अमेरिका में ‘एबीसी न्यूज’ के कार्यक्रम ‘गुड मॉर्निंग अमेरिका’ में वेंस ने कहा, ‘‘हमने कल यानी रविवार को ही समझौते पर डिजिटल हस्ताक्षर कर दिए।’’
उन्होंने कहा कि इसका विस्तृत विवरण इस सप्ताह के अंत तक जारी किए जाने की संभावना है।
पाकिस्तान और कतर सहित कई मध्यस्थ देशों की पहल से इस समझौते पर सहमति बनी।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने सोमवार को कहा कि उनका देश 19 जून को स्विट्जरलैंड में अमेरिका और ईरान के बीच समझौते के हस्ताक्षर समारोह की मेजबानी करेगा।
‘द न्यूयॉर्क टाइम्स’ ने एक वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी के हवाले से खबर दी है कि होर्मुज जलडमरूमध्य शुक्रवार तक पूरी तरह खोल दिए जाने की उम्मीद है। साथ ही, तेल और गैस की आपूर्ति को सुचारु और तेज बनाने के लिए बड़े टैंकरों की आवाजाही को प्राथमिकता दी जाएगी।
भाषा खारी शोभना
शोभना
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.