scorecardresearch
Monday, 15 June, 2026
होमदेशNEET-UG 2026 री-एग्जाम के लिए 4 लाख से ज्यादा छात्रों ने डाउनलोड किए एडमिट कार्ड

NEET-UG 2026 री-एग्जाम के लिए 4 लाख से ज्यादा छात्रों ने डाउनलोड किए एडमिट कार्ड

एनटीए ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि कुछ छात्रों को एडमिट कार्ड डाउनलोड करने में तकनीकी और सर्वर संबंधी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. एजेंसी की टीमें इन समस्याओं को दूर करने के लिए लगातार काम कर रही हैं.

Text Size:

नई दिल्ली: नीट-यूजी 2026 री-एग्जाम से पहले 4 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने अपने एडमिट कार्ड डाउनलोड कर लिए हैं. राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने सोमवार को यह जानकारी दी.

एनटीए ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि कुछ छात्रों को एडमिट कार्ड डाउनलोड करने में तकनीकी और सर्वर संबंधी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. एजेंसी की टीमें इन समस्याओं को दूर करने के लिए लगातार काम कर रही हैं.

एनटीए ने कहा, “21 जून को होने वाली नीट-यूजी 2026 परीक्षा के लिए करीब 4 लाख उम्मीदवार अपने एडमिट कार्ड डाउनलोड कर चुके हैं. हमें जानकारी है कि कुछ अभ्यर्थियों को तकनीकी दिक्कतों और सर्वर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है. हमारी टीमें इन समस्याओं के समाधान में जुटी हैं. जल्द ही सभी उम्मीदवारों को उनके एडमिट कार्ड उपलब्ध करा दिए जाएंगे. हुई असुविधा के लिए हमें खेद है.”

इससे पहले शुक्रवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा था कि री-एग्जाम में शामिल होने वाले छात्रों को एनटीए की ओर से अतिरिक्त 15 मिनट का समय दिया जाएगा. उन्होंने छात्रों से पढ़ाई पर ध्यान देने और परीक्षा प्रक्रिया पर भरोसा रखने की अपील की थी.

मध्य प्रदेश के राजा भोज एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत में प्रधान ने कहा था कि 21 जून को होने वाली परीक्षा पूरी तरह व्यवस्थित तरीके से कराई जाएगी और समाज का सहयोग भी जरूरी है.

इस बीच कैबिनेट सचिव टी. वी. सोमनाथन ने एनटीए के महानिदेशक के साथ बैठक कर री-एग्जाम की तैयारियों की समीक्षा की. उन्होंने सभी संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय के जरिए परीक्षा को सुचारु, पारदर्शी और सुरक्षित ढंग से आयोजित करने पर जोर दिया.

गौरतलब है कि पेपर लीक के आरोपों के बाद नीट-यूजी 2026 परीक्षा को दोबारा आयोजित करने का फैसला लिया गया था. अब यह परीक्षा 21 जून को होगी. मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो कर रही है और अब तक कई लोगों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है.

share & View comments