scorecardresearch
Wednesday, 22 April, 2026
होमविदेशअमेरिका को भारत की रक्षा जरूरतों को पूरा करने में मदद करनी चाहिए : रिपब्लिकन नेता

अमेरिका को भारत की रक्षा जरूरतों को पूरा करने में मदद करनी चाहिए : रिपब्लिकन नेता

Text Size:

वाशिंगटन, 14 अप्रैल (भाषा) रिपब्लिकन पार्टी के प्रभावशाली नेता एवं सीनेट सदस्य रोजर विकर का कहना है कि अमेरिका को भारत की रक्षा जरूरतों को पूरा करने में मदद करनी चाहिए ताकि रूस पर उसकी निर्भरता कम हो सके। भारतीय मूल के अमेरिकी नेता डॉ संपत शिवांगी ने यह जानकारी दी।

अमेरिकी कांग्रेस की सीआरएस रिपोर्ट के मुताबिक 2010 से भारत की ओर से आयात किए जाने वाले सभी हथियारों का लगभग दो-तिहाई (62 प्रतिशत) का स्रोत रूस रहा है। भारत रूसी हथियारों का सबसे बड़ा आयातक रहा है। रूस अपने हथियारों के कुल निर्यात का 32 प्रतिशत निर्यात भारत को करता है।

इंडियन अमेरिकन फोरम के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ संपत शिवांगी ने बुधवार को मिसिसिपी के रिपब्लिकन सीनेटर रोजर विकर के साथ नाश्ते के दौरान बैठक की और इसके बाद कहा कि यूक्रेन युद्ध के बाद से विश्व की परिस्थितियां पूरी तरह से बदल गयी हैं।

शिवांगी ने कहा, ‘‘यहां भारत के लिए एक बड़ा अवसर है। सीनेटर रोजर विकर, जो भारत के एक अच्छे मित्र हैं, वह रक्षा जरूरतों को पूरा करने में भारत की मदद कर सकते हैं और रूस से बेहतर तकनीक वाले हथियार उपलब्ध करवा सकते हैं। हालांकि रूस लंबे समय से भारत का एक अहम रक्षा साझेदार रहा है।’’

रोजर विकर मौजूदा समय में सीनेट की प्रभावशाली मानी जाने वाली सशस्त्र सेवा समिति के रैंकिंग सदस्य हैं और वह लगातार भारत के साथ मजबूत संबंधों की वकालत करते रहे हैं।

भाषा रवि कांत नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments