(अदिति खन्ना)
लंदन, 13 अगस्त (भाषा) पूर्वी इंग्लैंड के एसेक्स में हुए एक दुखद विमान हादसे में जान गंवाने वाले लोगों की पहचान 24 साल के भारतीय छात्र और 26 वर्षीय भारतीय मूल के पायलट के तौर पर हुई है। इन दोनों ने दो सीट वाला सेसना विमान किराए पर लिया था।
ओंगार में 30 जून को हुए इस विमान हादसे की जांच कर रहे एसेक्स पुलिस के खुफिया एजेंट ने बताया कि उन्होंने पीड़ितों की पहचान यात्री वामशी मंडला और पायलट डायलन पटेल के तौर पर करने की ‘जटिल’ प्रक्रिया पूरी कर ली है।
मंडला ने विश्वविद्यालय की पढ़ाई पूरी होने के उपलक्ष्य में जश्न मनाने के लिए ‘छोटी फ्लाइंग एक्सपीरियंस फ्लाइट’ के तौर पर नॉर्थ वील्ड एयरफील्ड से उड़ान भरी थी, जिसके कुछ ही देर बाद यह हादसा हो गया।
एसेक्स पुलिस के खुफिया विभाग के प्रमुख अधीक्षक मॉर्गन क्रोनिन ने कहा, ‘‘मेरी और मेरे अधिकारियों की संवेदनाएं वामशी और डायलन के परिवार और दोस्तों के साथ हैं, जो इस दुख की घड़ी से गुजर रहे हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘औपचारिक पहचान की प्रक्रिया जटिल थी और हमने इसे बहुत संवेदनशीलता के साथ पूरा किया है। मैं उन लोगों का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं जिन्होंने इस घटना पर तुरंत प्रतिक्रिया दी और जांच में लगे रहे। उन्होंने जिस तरह से अपना काम किया और वामशी व डायलन की गरिमा का ध्यान रखा, वह सराहनीय है।’’
क्रोनिन ने कहा कि उनके अधिकारी ब्रिटेन के ‘हवाई दुर्घटना जांच ब्यूरो’ के साथ मिलकर काम कर रहे हैं ताकि पीड़ितों के परिवारों को यह पता चल सके कि असल में क्या हुआ था।
भाषा संतोष नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.