नई दिल्ली: मध्य प्रदेश में स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर राजधानी भोपाल के प्रसिद्ध बोट क्लब में बुधवार को विशाल नौका तिरंगा यात्रा निकाली गई. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने यात्रा का शुभारंभ किया और खुद नौका में सवार होकर देश सेवा का संदेश दिया. इस दौरान कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग भी मौजूद रहे.
कार्यक्रम के दौरान बोट क्लब का पूरा क्षेत्र तिरंगे के रंगों में रंगा नजर आया. ‘मेरा रंग दे बसंती चोला’ जैसे देशभक्ति गीतों ने माहौल को और उत्साहपूर्ण बना दिया. युवा खिलाड़ियों ने कयाकिंग और कनोइंग के जरिए शानदार करतब दिखाए और केनो सलालम शो के माध्यम से तिरंगे को सलाम किया.
आयोजन की खासियत देश में पहली बार तालाब के बीच बनाया गया फ्लोटिंग तिरंगा रहा. धरती, जल और नभ तीनों जगह तिरंगे के रंग दिखाई दिए.
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया में अपनी अलग पहचान बना रहा है और देश अपनी क्षमता के साथ समृद्धि की ओर बढ़ रहा है. उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू होने जा रही है, जिससे सभी धर्मों के लोगों के लिए समान कानून होगा.
यादव ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि यह उनकी संकल्प शक्ति और देशभक्ति को दर्शाता है. उन्होंने लोगों से देश को आगे बढ़ाने और अमृत काल की दिशा में योगदान देने का आह्वान किया.