scorecardresearch
Tuesday, 28 April, 2026
होमविदेशशीर्ष रूसी जनरल यूक्रेनी सीमा के निकट मारा गया

शीर्ष रूसी जनरल यूक्रेनी सीमा के निकट मारा गया

Text Size:

(विनय शुक्ला)

मॉस्को, तीन जुलाई (भाषा) रूस का एक शीर्ष जनरल यूक्रेन की सीमा के निकट कुर्स्क क्षेत्र में मारा गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

बीबीसी की खबर के मुताबिक, रूसी नौसेना के उप प्रमुख मेजर जनरल मिखाइल गुडकोव की मौत यूक्रेन के सुमी क्षेत्र की सीमा से सटे पश्चिमी कुर्स्क क्षेत्र में हुई।

रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि जनरल मिखाइल की मौत ‘सैन्य अभियान’ के दौरान हुई। हालांकि, उसने अभियान के बारे में कोई विवरण साझा नहीं किया।

गुडकोव को सर्वोच्च उपाधि ‘रूसी संघ के नायक’ से सम्मानित किया गया था। वह मार्च में नौसेना स्टाफ के उप प्रमुख के रूप में पदोन्नति से पहले ‘क्रैक 155वीं मरीन ब्रिगेड’ के कमांडर थे।

कुर्स्क क्षेत्र के गवर्नर अलेक्जेंडर खिन्शतेन ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, ‘‘जनरल गुडकोव को उस समय मार डाला गया, जब वह अग्रिम मोर्चे पर अपने सैनिकों से मिलने गए थे।’’

हालांकि, उन्होंने घटना के बारे में कोई विवरण नहीं दिया और न ही इस बात का खुलासा गया कि उनकी मौत कब हुई।

यूक्रेन में रूस के लगभग साढ़े तीन साल के सैन्य अभियान में, मॉस्को ने 10 जनरल के मारे जाने की पुष्टि की है।

भाषा शफीक माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments