scorecardresearch
Monday, 23 November, 2026
होमविदेशदलाई लामा के उत्तराधिकार के मुद्दे पर भारत के साथ उच्चस्तरीय संवाद तंत्र बनाने की अमेरिकी आयोग ने की सिफारिश

दलाई लामा के उत्तराधिकार के मुद्दे पर भारत के साथ उच्चस्तरीय संवाद तंत्र बनाने की अमेरिकी आयोग ने की सिफारिश

Text Size:

(सागर कुलकर्णी)

वाशिंगटन, 23 नवंबर (भाषा) अमेरिका के एक संसदीय आयोग ने 14वें दलाई लामा के उत्तराधिकार से जुड़ी संभावित परिस्थितियों से निपटने की योजना तैयार करने के लिए भारत के साथ उच्चस्तरीय संवाद तंत्र स्थापित करने की सिफारिश की है।

अमेरिका-चीन आर्थिक एवं सुरक्षा समीक्षा आयोग ने अमेरिकी कांग्रेस (संसद) को सौंपी अपनी रिपोर्ट में दलाई लामा के उत्तराधिकारी की पहचान और मान्यता देने के लिए ‘गादेन फोड्रांग ट्रस्ट’ को एकमात्र वैध प्राधिकरण के रूप में मान्यता देने की पुरजोर वकालत की है।

दलाई लामा ने 2011 में ‘गादेन फोड्रांग ट्रस्ट’ की स्थापना की थी। भविष्य में दलाई लामा के पुनर्जन्म के रूप में माने जाने वाले उनके उत्तराधिकारी की पहचान करने और उसे मान्यता देने का एकमात्र अधिकार इस ट्रस्ट के पास होगा।

दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों वाले इस आयोग ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि चीन उत्तराधिकार प्रक्रिया के परिणाम को अपने पक्ष में करने के लिए दबाव बनाने वाले विभिन्न हथकंडों का इस्तेमाल कर सकता है।

रिपोर्ट में सिफारिश की गई है कि अमेरिकी कांग्रेस ऐसी नीति अपनाए, जिसके तहत चीन द्वारा चुने गए या नियुक्त किए गए दलाई लामा के किसी भी उत्तराधिकारी को मान्यता नहीं दी जाए।

आयोग ने कहा, ‘‘इस नीति को लागू करने और दलाई लामा के उत्तराधिकार के लिए अमेरिकी सरकार की तैयारियां सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सरकार को विदेश मंत्री को निर्देश देना चाहिए कि वह भारत सरकार के साथ उच्चस्तरीय संवाद तंत्र स्थापित करें। इसके तहत उत्तराधिकार से जुड़ी संभावित परिस्थितियों के लिए आकस्मिक योजनाएं तैयार करने और चीन के प्रभाव डालने संबंधी अभियानों की खुफिया जानकारी साझा करने की व्यवस्था भी शामिल हो।’’

आयोग ने अमेरिकी विदेश मंत्री से उत्तराधिकार की विभिन्न संभावित परिस्थितियों पर विचार करने के लिए सरकार के अलग-अलग विभागों के बीच एक आंतरिक संवाद सत्र आयोजित करने की भी सिफारिश की है। इस संवाद सत्र में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार, राष्ट्रीय खुफिया निदेशक और रक्षा मंत्री की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा गया है।

इसके अलावा, आयोग ने अमेरिकी विदेश मंत्री से भारतीय समकक्षों के साथ ‘ट्रैक 1.5’ और ‘ट्रैक 2’ स्तर की वार्ताएं तथा संभावित परिस्थितियों पर आधारित संवाद सत्र आयोजित करने को कहा है। इनका उद्देश्य दलाई लामा के उत्तराधिकार से जुड़े विभिन्न परिदृश्यों के राजनीतिक और सुरक्षा संबंधी प्रभावों का आकलन करना होगा।

आयोग ने यह भी सिफारिश की है कि अमेरिका अपने सहयोगी और साझेदार देशों के साथ मिलकर ऐसी कूटनीतिक रणनीति तैयार करे, जिससे चीन द्वारा चुने गए किसी भी उत्तराधिकारी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वैधता प्राप्त न हो सके।

इसके साथ ही आयोग ने उत्तराधिकार प्रक्रिया को प्रभावित करने के चीन के संभावित प्रयासों का मुकाबला करने के लिए केंद्रीय तिब्बती प्रशासन की साइबर सुरक्षा क्षमताओं को मजबूत करने पर जोर दिया है।

आयोग के अनुसार, चीन की ओर से साइबर माध्यमों और कृत्रिम मेधा (एआई) की सहायता से चलाए जा सकने वाले दुष्प्रचार अभियानों से निपटने के लिए केंद्रीय तिब्बती प्रशासन की तैयारियों और क्षमताओं को बढ़ाना आवश्यक है।

भाषा शोभना सिम्मी

सिम्मी

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments