कोलंबो, एक नवंबर (भाषा) श्रीलंकाई नौसेना ने देश के समुद्री क्षेत्र में मछली पकड़ने के आरोप में रविवार को सात भारतीय मछुआरों को पकड़ा और उनकी नौका जब्त कर ली।
नौसेना ने एक बयान में बताया कि मछुआरों की नौका तलईमन्नार के उत्तर में अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा (आईएमबीएल) पार करने के बाद श्रीलंका के समुद्री क्षेत्र में पहुंच गई, जिसके बाद उन्हें पकड़ लिया गया।
नौसेना के अनुसार, उसके उत्तरी मध्य नौसैनिक कमान ने बड़ी संख्या में भारतीय मछली पकड़ने वाली नौकाओं को कथित तौर पर श्रीलंकाई जलक्षेत्र में अवैध रूप से प्रवेश करते हुए देखा। उसने कहा कि इसके बाद चलाए गए अभियान के दौरान सात भारतीय मछुआरों को हिरासत में लेने के साथ ही उनकी नौका जब्त कर ली गई।
बयान में कहा गया है कि पकड़े गए मछुआरों और जब्त की गई नाव को विस्तृत कानूनी कार्रवाई के लिए मन्नार स्थित मत्स्य एवं जलीय संसाधन विभाग के कार्यालय को सौंपा जाएगा।
भाषा जोहेब अमित
अमित
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.