(सज्जाद हुसैन)
इस्लामाबाद, 25 सितंबर (भाषा) पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस और श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके के साथ अलग-अलग बैठकें कीं और द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा की। यह जानकारी बृहस्पतिवार को दी गई।
यह बैठकें बुधवार को न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा के 80वें सत्र के इतर हुईं, जहां तीनों नेता विश्व निकाय के सत्र में भाग लेने के लिए मौजूद थे।
पाकिस्तान के एक आधिकारिक बयान के अनुसार, यूनुस के साथ शरीफ की “गर्मजोशी भरी और सौहार्दपूर्ण” बैठक के दौरान, दोनों नेताओं ने पाकिस्तान-बांग्लादेश द्विपक्षीय संबंधों की मौजूदा स्थिति की समीक्षा की और व्यापार, क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और लोगों से लोगों के बीच आदान-प्रदान समेत विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की।
इसमें कहा गया है कि प्रधानमंत्री शरीफ ने बांग्लादेश के साथ सार्थक और दूरदर्शी संबंध बनाने के लिए पाकिस्तान की प्रतिबद्धता पर जोर दिया, जो आपसी सम्मान, विश्वास और क्षेत्रीय शांति और समृद्धि की साझा आकांक्षाओं में निहित हैं।
संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में हुई बैठक के दौरान, यूनुस ने रिश्तों को मजबूत करने के लिए पाकिस्तान की पहल की सराहना की और द्विपक्षीय व्यापार और सांस्कृतिक संबंधों को बढ़ाने के महत्व पर प्रकाश डाला।
बयान में कहा गया है, “बैठक एक सौहार्दपूर्ण और मैत्रीपूर्ण माहौल में हुई, जो दोनों देशों की अपने लोगों की भलाई और दक्षिण एशिया की स्थिरता के लिए मिलकर काम करने की आपसी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।”
एक अन्य बयान के अनुसार, शरीफ ने राष्ट्रपति दिसानायके से संयुक्त राष्ट्र में श्रीलंका के स्थायी मिशन में मुलाकात की। इसके मुताबिक, बैठक में बातचीत के दौरान उच्च स्तरीय आदान-प्रदान, द्विपक्षीय व्यापार, शैक्षिक सहयोग, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और रक्षा सहयोग सहित कई क्षेत्रों को शामिल किया गया।
उन्होंने विभिन्न क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया।
बयान में कहा गया है, ‘दोनों नेताओं ने पाकिस्तान-श्रीलंका द्विपक्षीय संबंधों की मजबूत प्रकृति पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने यह सुनिश्चित करने के लिए मिलकर काम करना जारी रखने की पुष्टि की कि आने वाले सालों में ये रिश्ते और मजबूत होंगे।’
दोनों नेता खेल, खासकर में क्रिकेट में आदान-प्रदान बढ़ाने पर सहमत हुए।
भाषा नोमान माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
