(एम जुल्करनैन)
लौहार, 23 नवंबर (भाषा) पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में सोमवार को पत्थरों से लदे एक ट्रक ने मिनीबस को टक्कर मार दी, जिससे कम से कम सात लोगों की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गये। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यह हादसा लाहौर से लगभग 460 किलोमीटर दूर बहावलपुर जिले के उच शरीफ के निकट हुआ।
पंजाब आपातकालीन सेवा ‘रेस्क्यू 1122’ के प्रवक्ता के अनुसार, 14 यात्रियों को लेकर मिनीबस खैरपुर तमेवाली जा रही थी कि लेकिन घने कोहरे के कारण चालक ने प्रांतीय राजमार्ग पर बस रोक दी।
प्रवक्ता ने बताया कि इसी दौरान पीछे से आ रहे पत्थरों से लदे एक ट्रक के चालक ने नियंत्रण खो दिया और उसने सड़क पर खड़ी मिनीबस को टक्कर मार दी।
उन्होंने बताया कि टक्कर के कारण मिनीबस पलट गई और उसमें सवार लोग मलबे के नीचे दब गये।
उन्होंने बताया कि ‘रेस्क्यू 1122’ के दल मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया।
प्रवक्ता ने बताया कि घायलों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनमें से सात को मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि दो घायलों की हालत गंभीर है।
भाषा
देवेंद्र मनीषा
मनीषा
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.