ढाका, सात नवंबर (भाषा) बांग्लादेश के खुलना में अज्ञात लोगों ने नोबेल पुरस्कार विजेता रवींद्रनाथ टैगोर के एक भित्तिचित्र पर काली स्याही डालकर उसे खराब कर दिया है, जिसकी काफी आलोचना हो रही है। स्थानीय मीडिया में शनिवार को यह खबर सामने आई।
‘द डेली स्टार’ की खबर के अनुसार, टैगोर की यह पेंटिंग खुलना रेलवे स्टेशन की बाहरी दीवार पर बनी थी। इसी दीवार पर इस क्षेत्र की कला, साहित्य और संस्कृति में योगदान देने वाली अन्य प्रमुख हस्तियों की भी तस्वीरें बनी हुई थीं।
उसी दीवार पर फकीर लालन शाह, चित्रकार एसएम सुल्तान, काजी नजरुल इस्लाम, पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया, पूर्व राष्ट्रपति जियाउर रहमान और माइकल मधुसूदन दत्त की भी तस्वीरें बनी थीं, लेकिन उन्हें कोई नुकसान नहीं पहुंचाया गया।
इस दीवार पर जुलाई के जन-विद्रोह, सुंदरबन, साठ गुंबद वाली मस्जिद (सिक्सटी डोम मॉस्क) और जूट उद्योग को दर्शाने वाली पेंटिंग भी बनी हुई हैं।
खुलना सिटी कॉरपोरेशन ने प्रधानमंत्री तारिक रहमान के खुलना दौरे से पहले इन कलाकृतियों को बनवाया था।
शुक्रवार सुबह स्थानीय लोगों ने देखा कि टैगोर की पेंटिंग को नुकसान पहुंचाया गया है।
खुलना सदर पुलिस थाने के प्रभारी अधिकारी लोकमान हुसैन ने बताया कि शुक्रवार दोपहर को पुलिस को इस घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
‘द ढाका ट्रिब्यून’ की खबर के अनुसार, हुसैन ने कहा, ‘‘शुक्रवार को सड़क के उस पार की सभी दुकानें बंद थीं, इसलिए यह पता लगाना मुश्किल है कि किसने और कब इस पेंटिंग को खराब किया।’’
पेंटिंग के पास दो पोस्टर भी लगाए गए थे, जिनमें से एक पर लिखा था: ‘‘तितुमीर के बंगाल में टैगोर के लिए कोई जगह नहीं है, जो मुसलमानों और पूर्वी बंगाल के विरोधी थे। यहां भारत का महिमामंडन करने वालों के लिए कोई स्थान नहीं है।’’
खबर के अनुसार, केसीसी प्रशासक नजरुल इस्लाम मंजू ने इस घटना पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि ये तस्वीरें बच्चों और किशोरों में स्वतंत्र सोच को बढ़ावा देने में मदद करती हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘इस तस्वीर को खराब करके उन्होंने अपनी संकीर्ण सोच और बीमार मानसिकता को उजागर कर दिया है।’’
अखबार की खबर के अनुसार, अक्टूबर में भी ढाका में टैगोर के एक भित्तिचित्र को विरूपित किया गया था। पुलिस ने इस घटना के सिलसिले में चार लोगों को हिरासत में लिया।
भाषा वैभव देवेंद्र
देवेंद्र
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.