लंदन, 24 जुलाई (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को पिछले महीने अहमदाबाद में हुई विमान दुर्घटना में कई ब्रिटिश नागरिकों की मौत पर शोक व्यक्त किया।
मोदी ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री केअर स्टार्मर के साथ बातचीत के बाद कहा, ‘‘पिछले महीने अहमदाबाद में हुई दुखद दुर्घटना में जिन लोगों की जान गई, उसमें ब्रिटेन के हमारे कई भाई-बहन भी थे। हम उनके परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करते हैं।’’
एअर इंडिया का बोइंग 787-8 विमान 12 जून को अहमदाबाद हवाई अड्डा से उड़ान भरने के कुछ सेकेंड बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस हादसे में 260 लोगों की मौत हो गई। विमान में सवार 242 लोगों में केवल एक व्यक्ति ही जीवित बचा। वहीं, विमान के इमारत से टकराने पर, दुर्घटनास्थल पर मौजूद 19 लोगों की जान चली गई। इस हादसे में विमान पर सवार 53 ब्रिटिश नागरिकों की भी मौत हो गई।
मोदी ने यह भी कहा कि ब्रिटेन में रहने वाले भारतीय मूल के लोग दोनों देशों के संबंधों में एक ‘‘जीवंत सेतु’’ का काम करते हैं।
उन्होंने अपने मीडिया वक्तव्य में कहा, ‘‘वे भारत से सिर्फ ‘करी’ ही नहीं लाए, बल्कि रचनात्मकता और प्रतिबद्धता भी लाए। उनका योगदान केवल ब्रिटेन की फलती-फूलती अर्थव्यवस्था तक ही सीमित नहीं है बल्कि यह देश की संस्कृति, खेल और सार्वजनिक सेवा में भी समान रूप से दिखाई देता है।’’
भाषा शफीक पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.