(सज्जाद हुसैन)
इस्लामाबाद, नौ नवंबर (भाषा) पाकिस्तान के रावलपिंडी में एक महिला एंकर (समाचार प्रस्तोता) की उसके घर में गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने उनके पति को हिरासत में लिया है।
पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए जाने वाला संदिग्ध हथियार भी बरामद कर लिया है।
‘डॉन’ अखबार की खबर के अनुसार, राबिया अहसान एक स्थानीय निजी टीवी चैनल में समाचार और कार्यक्रम प्रस्तोता के तौर पर काम करती थीं। वह रविवार को शहर के गुलशनाबाद इलाके में स्थित अपने घर में मृत मिलीं।
शहर पुलिस अधिकारी (सीपीओ) हसन मुश्ताक सुखेरा ने बताया कि राबिया के पति को हिरासत में ले लिया गया है। साथ ही संदिग्ध हथियार भी बरामद कर लिया गया है।
उन्होंने कहा कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
सुखेरा ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (अभियान), जांच मामलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की एक टीम के साथ घटनास्थल का दौरा किया।
सीपीओ के अनुसार, घर में काम करने वाले एक पुरुष घरेलू सहायक ने पुलिस को बताया कि महिला के पति ने दावा किया था कि गोली गलती से चली थी।
सुखेरा ने बताया कि फॉरेंसिक की टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इस संबंध में मामला दर्ज किया जा रहा है और जांच तथ्यों के आधार पर की जाएगी।
भाषा प्रचेता सिम्मी
सिम्मी
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.