scorecardresearch
Wednesday, 8 July, 2026
होमविदेशपाकिस्तानी खोजी दलों ने लापता मालवाहक विमान के मलबे का पता लगाया

पाकिस्तानी खोजी दलों ने लापता मालवाहक विमान के मलबे का पता लगाया

Text Size:

कराची, आठ जुलाई (भाषा) पाकिस्तानी खोजी दलों ने उस निजी मालवाहक विमान के मलबे का पता लगा लिया है, जो शारजाह से कराची के लिए उड़ान भरते समय लापता हो गया था। लापता हुए इस विमान में चालक दल के पांच सदस्य सवार थे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पाकिस्तान विमानपत्तन प्राधिकरण (पीएए) ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि पाकिस्तानी नौसेना और पाकिस्तान समुद्री सुरक्षा एजेंसी (पीएमएसए) ने कल रात लापता घोषित की गई के2 एयरवेज की उड़ान संख्या बी737 के मलबे का सफलतापूर्वक पता लगा लिया है।

इसमें कहा गया है कि मलबा ओर्मारा के 53 समुद्री मील दक्षिण से बरामद किया गया और विमान के चालक दल के लापता सदस्यों को खोजने के प्रयास जारी हैं।

संयुक्त अरब अमीरात के शारजाह से कराची जा रहे निजि विमानन कंपनी के2 एयरवेज के बोइंग मालवाहक विमान ने नेविगेशन प्रणाली में खराबी की सूचना दी थी और इसके बाद मंगलवार देर शाम रडार से उसका संपर्क टूट गया था।

इससे पहले, पीएए के बयान में कहा गया कि मंगलवार रात को जब के2 एयरवेज की उड़ान संख्या बी737 ने पाकिस्तान के समयानुसार रात 9.18 बजे नेविगेशन प्रणाली में खराबी की सूचना दी तो कराची एरिया कंट्रोल सेंटर (एसीसी) ने तुरंत उसे निर्देशित किया।

बयान में कहा गया, ‘‘हालांकि, रात 9.21 बजे विमान को रडार पर तेजी से नीचे आते और तेजी से दिशा बदलते हुए देखा गया। इसके बाद, कराची से लगभग 155 समुद्री मील पश्चिम में रडार से संपर्क और संचार टूट गया।’’

भाषा

शफीक माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments