scorecardresearch
Friday, 10 April, 2026
होमविदेशभविष्य में अगर संघर्ष हुआ तो पाकिस्तान कोलकाता पर हमला करेगा : रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ

भविष्य में अगर संघर्ष हुआ तो पाकिस्तान कोलकाता पर हमला करेगा : रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ

Text Size:

(एम जुल्करनैन)

लाहौर, चार अप्रैल (भाषा) पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने शनिवार को भारत को चेतावनी दी कि भविष्य में किसी भी प्रकार की दुस्साहस की कोशिश का जवाब कोलकाता में हमले से दिया जाएगा।

आसिफ ने लाहौर से लगभग 130 किलोमीटर दूर अपने गृहनगर सियालकोट में पत्रकारों से बात करते हुए कहा, ‘‘अगर भारत इस बार हमें जिम्मेदार ठहरा कर कोई (सैन्य) ऑपरेशन करने की कोशिश करता है, तो हम कोलकाता तक निशाना साधेंगे।’’

आसिफ ने दावा किया कि ऐसी खबरें हैं कि उनके (भारत) अपने लोगों या पाकिस्तानियों के माध्यम से एक झूठ भरे अभियान की योजना बनाई गई, जिसमें कुछ शवों को कहीं डाल कर यह कहा गया कि ‘‘वे आतंकवादी थे और उन्होंने ऐसा-ऐसा किया है।’’

हालांकि, उन्होंने अपने दावे के समर्थन में कोई सबूत नहीं दिया।

बृहस्पतिवार को आसिफ ने कहा था कि किसी भी हमले पर पाकिस्तान की प्रतिक्रिया ‘‘त्वरित, सुनियोजित और निर्णायक’’ होगी।

आसिफ भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की टिप्पणियों का जवाब दे रहे थे, जिन्होंने पहले कहा था कि मौजूदा स्थिति में भारत के पड़ोसी देश की ओर से कोई भी ‘‘दुस्साहस’’ अभूतपूर्व और निर्णायक कार्रवाई को आमंत्रित करेगा।

पिछले साल 22 अप्रैल को हुए पहलगाम हमले के परिणामस्वरूप दोनों देशों के बीच चार दिनों तक संघर्ष चला था।

भाषा शफीक रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments