scorecardresearch
Friday, 14 August, 2026
होमविदेशपाकिस्तान: उग्रवादियों ने बलूचिस्तान प्रांत में गैस पाइपलाइन को विस्फोट करके उड़ाया

पाकिस्तान: उग्रवादियों ने बलूचिस्तान प्रांत में गैस पाइपलाइन को विस्फोट करके उड़ाया

Text Size:

कराची, 13 अगस्त (भाषा) पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में उग्रवादियों ने सरकारी गैस कंपनी की एक पाइपलाइन को विस्फोट करके उड़ा दिया, जिससे राजधानी क्वेटा के कुछ हिस्सों समेत कई कस्बों और शहरों में गैस आपूर्ति बाधित हो गई। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

सूई सदर्न गैस कंपनी (एसएसजीसी) के प्रवक्ता ने बताया कि यह विस्फोट कच्छी जिले में मुख्य क्वेटा-सिबी मार्ग से करीब 700 से 800 मीटर दूर गोरकट के पास बोलन नदी के तटीय इलाके में स्थित केएमपी-246 वाल्व असेंबली में हुआ।

प्रवक्ता ने बताया कि विस्फोट से 18 इंच चौड़ी पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे बुधवार रात से गैस आपूर्ति बाधित है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि उग्रवादियों ने विस्फोटक में रिमोट कंट्रोल से विस्फोट करके पाइपलाइन को उड़ा दिया।

उन्होंने बताया कि इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और मरम्मत कार्य में जुटी एसएसजीसी की टीमों को भी सुरक्षा मुहैया कराई जा रही है।

गैस कंपनी ने कहा कि प्रबंधन स्थिति पर करीबी नजर रख रहा है और जल्द से जल्द गैस आपूर्ति बहाल करने के लिए काम कर रहा है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि इससे पहले भी उग्रवादी सूई सदर्न गैस कंपनी की गैस आपूर्ति लाइनों को नुकसान पहुंचा चुके हैं और आपूर्ति बाधित कर चुके हैं।

इस महीने की शुरुआत में भी आतंकवादियों ने नसीराबाद इलाके में एक गैस पाइपलाइन को विस्फोट करके उड़ा दिया था। मई में डेरा बुगती में गैस पाइपलाइन उड़ाए जाने के बाद प्रांत के एक बड़े क्षेत्र में गैस आपूर्ति बाधित हो गई थी।

भाषा तान्या संतोष

संतोष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments