scorecardresearch
Saturday, 7 March, 2026
होमविदेशपाकिस्तान में ड्रोन हमले के बाद अफगानिस्तान सीमा से लगे जिलों में 50 से अधिक स्कूल बंद

पाकिस्तान में ड्रोन हमले के बाद अफगानिस्तान सीमा से लगे जिलों में 50 से अधिक स्कूल बंद

Text Size:

(सज्जाद हुसैन)

इस्लामाबाद, दो मार्च (भाषा) अफगानिस्तान की सीमा से लगे जिलों में स्थित 50 से अधिक शिक्षण संस्थान सोमवार को बंद रहे। पाकिस्तान के अशांत पश्चिमोत्तर प्रांत खैबर पख्तूनख्वा में एक स्कूल पर ड्रोन हमले के बाद यह कदम उठाया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

यह घटना मोहमंद जिले की गलानाई तहसील में उस समय घटी, जब एक मानवरहित विमान (यूएवी) गवर्नर मॉडल हाई स्कूल की इमारत से टकरा गया।

मोहमंद के उपायुक्त (डीसी) यासिर हसन ने घटना की पुष्टि की और कहा कि सुरक्षा बल हवाई क्षेत्र में देखे गए एक अन्य ड्रोन को “मार गिराने का प्रयास” कर रहे थे।

स्कूल के बरामदे में यूएवी का मलबा भी मिला; किसी के हताहत होने की खबर नहीं है और इस घटना से कोई महत्वपूर्ण संरचनात्मक क्षति नहीं हुई है।

परिसर के अंदर और आसपास सुरक्षा तुरंत कड़ी कर दी गई और निरीक्षण के लिए इलाके की घेराबंदी की गयी।

इनमें गलानाई में एक स्कूल, बैजई में 33, सफ़ी में 10 और ख्वेज़ई में दो स्कूल शामिल थे।

जिले के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “छात्रों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए, शैक्षणिक गतिविधियों को अस्थायी रूप से निलंबित करना अपरिहार्य था।”

भाषा

प्रशांत दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments