scorecardresearch
Monday, 23 November, 2026
होमविदेशउम्रदराज लोगों का मस्तिष्क नींद की कमी से बेहतर ढंग से निपटता है : अध्ययन

उम्रदराज लोगों का मस्तिष्क नींद की कमी से बेहतर ढंग से निपटता है : अध्ययन

Text Size:

( जोश न्यूडॉर्फ – ऐटाबास्का यूनिवर्सिटी, ब्रियान केंट एवं रैंडी मैक्इन्तोष – सिमोन फ्रेजर यूनिवर्सिटी )

ब्रिटिश कोलंबिया, 23 नवंबर (द कन्वरसेशन) आमतौर पर माना जाता है कि उम्र बढ़ने के साथ साथ शरीर एवं मस्तिष्क की कार्यक्षमता कम होने लगती है, लेकिन एक नए शोध में दावा किया गया है कि स्वस्थ बुजुर्गों का मस्तिष्क युवाओं की तुलना में नींद की कमी का बेहतर ढंग से सामना कर सकता है।

शोधकर्ताओं के मुताबिक, उम्र बढ़ने के साथ मस्तिष्क में होने वाले कुछ बदलाव उसकी कमजोर होती क्षमता का संकेत नहीं, बल्कि बदलती परिस्थितियों के अनुरूप खुद को ढालने की प्रक्रिया का हिस्सा होते हैं।

शोधकर्ताओं ने अपने हालिया अध्ययन में पाया कि स्वस्थ बुजुर्गों का मस्तिष्क कम नींद के कारण होने वाले प्रभावों से निपटने के लिए अपने तंत्रिका नेटवर्क को अलग तरीके से व्यवस्थित करता है। यह बदलाव अगले दिन मस्तिष्क की कार्यक्षमता बनाए रखने में मददगार हो सकता है।

—- उम्र बढ़ने के साथ मस्तिष्क की अनुकूलन क्षमता —-

अध्ययन में शोधकर्ताओं ने जीवन के विभिन्न चरणों में मानव मस्तिष्क के नेटवर्क में होने वाले बदलावों का विश्लेषण किया। इसमें विशेष रूप से न्यूरोप्लास्टिसिटी पर ध्यान दिया गया। न्यूरोप्लास्टिसिटी मस्तिष्क की वह असाधारण क्षमता है, जिसके तहत वह अपने तंत्रिका संपर्कों को पुनर्गठित कर अनुभवों और परिस्थितियों के अनुसार खुद में बदलाव करता है।

मस्तिष्क में यह क्षमता बचपन, किशोरावस्था और युवावस्था के शुरुआती वर्षों में सबसे अधिक सक्रिय रहती है। हालांकि, स्वस्थ मस्तिष्क में यह क्षमता जीवनभर बनी रहती है और बुजुर्गावस्था में भी उसमें महत्वपूर्ण बदलाव होते रहते हैं।

शोधकर्ताओं ने कहा कि उम्र बढ़ने के साथ मस्तिष्क को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। इनमें मस्तिष्क की बाहरी परत (कॉर्टेक्स) का पतला होना, मस्तिष्क के आकार में कमी, सफेद पदार्थ (व्हाइट मैटर) के तंत्रिका तंतुओं पर मौजूद सुरक्षात्मक आवरण का क्षतिग्रस्त होना और संज्ञानात्मक क्षमता में गिरावट शामिल हैं।

इन बदलावों के कारण अक्सर उम्र बढ़ने को मस्तिष्क के लिए केवल नकारात्मक प्रक्रिया के तौर पर देखा जाता है। हालांकि, मौजूदा शोध बताता है कि मस्तिष्क में होने वाले कुछ बदलाव उम्र से जुड़ी चुनौतियों का सामना करने में सहायक भी हो सकते हैं।

—- कम नींद के बावजूद मस्तिष्क की कार्यक्षमता बनाए रखने की क्षमता —-

पहले के अध्ययनों में संकेत मिला था कि कम नींद लेने से बुजुर्गों की सोचने-समझने की क्षमता और मनोदशा पर युवाओं की तुलना में कम प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।

शोधकर्ताओं ने यह समझने की कोशिश की कि इसके पीछे मस्तिष्क में किस तरह की गतिविधियां होती हैं। इसके लिए उन्होंने 20 से 30 वर्ष की आयु के युवाओं और 65 से 75 वर्ष की आयु के बुजुर्गों के मस्तिष्क का अध्ययन किया।

दोनों आयु वर्ग के प्रतिभागियों के मस्तिष्क की गतिविधियों की तुलना दो परिस्थितियों में की गई। पहली स्थिति में उन्होंने पूरी रात सामान्य रूप से नींद ली, जबकि दूसरी स्थिति में उन्हें केवल तीन घंटे सोने का अवसर मिला।

अध्ययन में पाया गया कि कम नींद के बाद बुजुर्गों के मस्तिष्क में कार्यात्मक संपर्क (फंक्शनल कनेक्टिविटी) में ऐसे बदलाव हुए, जो युवाओं के मस्तिष्क में देखे गए बदलावों से बिल्कुल अलग थे।

केवल तीन घंटे सोने के बाद बुजुर्गों के मस्तिष्क के विभिन्न क्षेत्रों के बीच कुछ संपर्क कम हो गए। इससे मस्तिष्क के नेटवर्क का मॉड्यूलर संगठन बढ़ गया। इसका अर्थ है कि मस्तिष्क के अलग-अलग क्षेत्र छोटे स्थानीय समूहों के रूप में अधिक संगठित हो गए और इन समूहों के बीच लंबी दूरी के संपर्क अपेक्षाकृत कम हो गए।

इसके विपरीत, युवाओं के मस्तिष्क में मॉड्यूलर संगठन में कमी देखी गई।

शोधकर्ताओं के अनुसार, मस्तिष्क के नेटवर्क का अधिक मॉड्यूलर होना बेहतर संज्ञानात्मक परिणामों से जुड़ा है। इससे संकेत मिलता है कि बुजुर्गों का मस्तिष्क उम्र से जुड़े बदलावों की भरपाई करने के लिए कम नींद की स्थिति में भी अपने नेटवर्क को इस तरह पुनर्गठित कर सकता है, जिससे अगले दिन उसकी कार्यक्षमता अपेक्षाकृत बेहतर बनी रहे।

—- स्थानीय तंत्रिका संपर्कों को मजबूत करता है उम्रदराज मस्तिष्क —-

शोधकर्ताओं ने बताया कि यह निष्कर्ष उनके व्यापक शोध कार्यक्रम के अनुरूप है। इस शोध में यह समझने का प्रयास किया जा रहा है कि उम्र बढ़ने के साथ मस्तिष्क के नेटवर्क में लंबे समय के दौरान होने वाले बदलाव किस तरह संज्ञानात्मक क्षमता को बनाए रखने में मदद करते हैं।

अध्ययनों में बार-बार एक समान प्रवृत्ति सामने आई है। उम्र बढ़ने के साथ मस्तिष्क के सफेद पदार्थ में मौजूद तंत्रिका तंतुओं के सुरक्षात्मक आवरण (मायलिन) को नुकसान पहुंचने लगता है। ऐसे में स्वस्थ मस्तिष्क लंबी दूरी के संपर्कों पर निर्भरता कम करके स्थानीय तंत्रिका संपर्कों को मजबूत करने लगता है।

शोधकर्ताओं के मुताबिक, यह बदलाव मस्तिष्क की अनुकूलन क्षमता का हिस्सा है। इसके जरिये मस्तिष्क उम्र बढ़ने से उत्पन्न चुनौतियों के बावजूद अपनी कार्यक्षमता बनाए रखने का प्रयास करता है।

—- युवावस्था से ही पर्याप्त नींद लेना जरूरी —-

शोधकर्ताओं का कहना है कि मस्तिष्क में होने वाले इन अनुकूलनकारी बदलावों को बढ़ावा देने के लिए शारीरिक गतिविधि और जीवनभर पर्याप्त नींद लेना महत्वपूर्ण है।

हाल के अध्ययनों में यह भी सामने आया है कि नींद अल्जाइमर रोग के जोखिम और उसके बढ़ने की गति को सीधे प्रभावित कर सकती है। अल्जाइमर रोग से पीड़ित लोगों के मस्तिष्क में जमा होने वाले एमिलॉयड और टाउ प्रोटीन की मात्रा नींद बाधित होने पर अधिक तेजी से बढ़ सकती है।

शोधकर्ताओं का अनुमान है कि नींद की खराब गुणवत्ता वाले लोगों की समय रहते पहचान कर और उनकी नींद में सुधार के लिए उचित कदम उठाकर अल्जाइमर रोग के करीब 15 प्रतिशत मामलों को रोका जा सकता है।

उन्होंने बताया कि अल्जाइमर रोग की शुरुआत से जुड़ी जैविक प्रक्रियाएं स्मृति संबंधी समस्याएं सामने आने और व्यक्ति में डिमेंशिया का निदान होने से कई दशक पहले ही शुरू हो जाती हैं। इस लंबी अवधि में बीमारी की पहचान करने, उसके जोखिम को कम करने और संज्ञानात्मक क्षमता में गिरावट को रोकने के लिए हस्तक्षेप करने का अवसर मिलता है।

शोधकर्ताओं के मुताबिक, कुछ लोगों के लिए नींद की गुणवत्ता में सुधार इस दिशा में एक महत्वपूर्ण उपाय साबित हो सकता है। इसलिए पर्याप्त और अच्छी नींद को केवल दैनिक आराम का हिस्सा नहीं, बल्कि लंबे समय तक मस्तिष्क को स्वस्थ रखने के महत्वपूर्ण उपाय के रूप में देखा जाना चाहिए।

द कन्वरसेशन

मनीषा वैभव

वैभव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments