scorecardresearch
Thursday, 13 August, 2026
होमविदेशनॉर्वे के विदेश मंत्री ने ईरान के आत्मरक्षा के अधिकार का समर्थन किया

नॉर्वे के विदेश मंत्री ने ईरान के आत्मरक्षा के अधिकार का समर्थन किया

Text Size:

इस्लामाबाद, 13 अगस्त (भाषा) नॉर्वे के विदेश मंत्री एस्पेन बार्थ ईडे ने बृहस्पतिवार को कहा कि एक राष्ट्र के रूप में ईरान को अपनी रक्षा करने का अधिकार है। साथ ही उन्होंने अमेरिका-ईरान युद्ध में पाकिस्तान की मध्यस्थ के तौर पर भूमिका का भी समर्थन किया।

ईडे ने पाकिस्तान के उपप्रधानमंत्री इशाक डार के साथ बातचीत के दौरान द्विपक्षीय सहयोग और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम पर चर्चा की।

पाकिस्तान के विदेश कार्यालय ने एक बयान में बताया कि बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने व्यापार, निवेश, जलवायु परिवर्तन, समुद्री मामलों और शिक्षा समेत विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग की समीक्षा की।

बयान के अनुसार दोनों पक्षों ने आपसी हित से जुड़े क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम पर भी विस्तार से चर्चा की।

डार के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के बाद मीडिया से बातचीत में ईडे ने कहा, ‘‘ मैं इस युद्ध को समाप्त कराने के लिए पाकिस्तान के प्रयास को मजबूत समर्थन दोहराता हूं।’’

दो दिवसीय पाकिस्तान दौरे पर आए ईडे ने कहा कि कई मुद्दों पर नॉर्वे के ईरान के साथ ‘घोर मतभेद’ हैं, लेकिन ‘एक राष्ट्र के रूप में उन्हें भी आत्मरक्षा का अधिकार है।’

ईडे एक दशक बाद पाकिस्तान का दौरा करने वाले नॉर्वे के पहले विदेश मंत्री हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने कश्मीर से लेकर अफगानिस्तान तक कई अन्य क्षेत्रीय मुद्दों पर भी चर्चा की।

डार ने कहा कि उन्होंने नॉर्वे के विदेश मंत्री को जम्मू-कश्मीर विवाद के बारे में जानकारी दी और सिंधु जल संधि के स्थगन के मुद्दे पर भी बातचीत की।

भाषा शोभना नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments