scorecardresearch
Thursday, 26 March, 2026
होमविदेशनेपाल के अपदस्थ प्रधानमंत्री ओली की सीपीएन-यूएमएल समेत 68 दल पांच मार्च के चुनावों के लिए पंजीकृत

नेपाल के अपदस्थ प्रधानमंत्री ओली की सीपीएन-यूएमएल समेत 68 दल पांच मार्च के चुनावों के लिए पंजीकृत

Text Size:

(शिरिष बी प्रधान)

काठमांडू, 25 नवंबर (भाषा) अपदस्थ प्रधानमंत्री के पी शर्मा ओली के नेतृत्व वाली सीपीएन-यूएमएल ने मंगलवार को पांच मार्च को होने वाले आम चुनाव लड़ने के लिए निर्वाचन आयोग में अपना पंजीकरण कराया। हालांकि वह चुनावों का विरोध कर रही है और भंग संसद को बहाल करने की मांग कर रही है।

सूत्रों ने बताया कि सीपीएन-यूएमएल के केंद्रीय चुनाव विभाग के प्रमुख नीरज आचार्य वरिष्ठ नेताओं के साथ पार्टी के पंजीकरण के लिए आवेदन दाखिल करने के लिए निर्वाचन आयोग मुख्यालय गए।

यह कदम उसी दिन उठाया गया है जिस दिन पार्टी ने भंग प्रतिनिधि सभा (संसद के निचले सदन) को बहाल करने की मांग करते हुए उच्चतम न्यायालय में एक रिट याचिका दायर की।

नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी (एकीकृत मार्क्सवादी-लेनिनवादी) संसदीय समिति के भंग करने तथा पांच मार्च को होने वाले चुनाव का विरोध कर रही है। पार्टी की दलील है कि सुशीला कार्की के नेतृत्व वाली सरकार के पास संसदीय चुनाव कराने का अधिकार नहीं है।

राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने सितंबर में ‘जेन जेड’ आंदोलन के बाद कार्की को नया प्रधानमंत्री नियुक्त किया था। , जिसके कारण प्रधानमंत्री ओली को शीर्ष कार्यकारी पद से इस्तीफा देना पड़ा था। ‘जेन जेड’ उन लोगों का समूह है जिनका जन्म 1997 और 2012 के बीच हुआ है। उनके आंदोलन के कारण प्रधानमंत्री ओली को अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा था।

राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री कार्की की सिफारिश पर प्रतिनिधि सभा को भंग कर दिया और पांच मार्च को आम चुनाव की घोषणा की।

निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने बताया कि पांच मार्च को होने वाले आम चुनावों में हिस्सा लेने के लिए अब तक कुल 68 राजनीतिक दलों ने पंजीकरण कराया है। राजनीतिक दलों के पास बुधवार तक आवेदन जमा करने का समय है।

इस बीच, सूचना एवं संचार मंत्री जगदीश खरेल ने जनता से चुनाव प्रक्रिया पर संदेह न करने का आग्रह किया तथा बताया कि चुनाव का विरोध करने वाले दलों ने भी पंजीकरण के लिए आवेदन किया है।

उन्होंने कहा कि लोग आम चुनाव के लिए तैयार हैं और सरकार ने चुनावों के लिए सुरक्षा योजना पहले ही लागू कर दी है।

भाषा धीरज माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments