(शिरीष बी. प्रधान)
काठमांडू, 26 अगस्त (भाषा) मध्य नेपाल में मार्सयांगडी नदी में पिछले सप्ताह गिरी भारतीय पर्यटक बस को सोमवार को बाहर निकाल लिया गया। इस हादसे में 25 भारतीय तीर्थयात्रियों की मौत हो गई थी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
सशस्त्र पुलिस बल के उप प्रवक्ता शैलेन्द्र थापा के अनुसार, सोमवार को बस को क्रेन की मदद से नदी से बाहर निकाला गया। बस पर उत्तर प्रदेश की नंबर प्लेट लगी थी और बस को निकालने के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग के मुगलिंग-अन्बुखैरेनी सड़क खंड को चार घंटे तक बंद रखा गया।
बस गंडकी प्रांत के तनहुन जिले के अबू खैरेनी में पिछले शुक्रवार को राजमार्ग से फिसलकर तेज बहाव वाली मार्सयांगडी नदी में गिर गई थी।
इस दुर्घटना में महाराष्ट्र के 25 तीर्थयात्रियों की मौत हो गई। उत्तर प्रदेश के रहने वाले बस चालक और उसके सहायक की भी हादसे में मौत हो गई। इस हादसे में 16 अन्य जख्मी भी हुए।
शुरुआत में बस को बाहर निकालने के लिए एक ही क्रेन का इस्तेमाल किया गया था, लेकिन बाद में और एक अन्य क्रेन को लाया गया।
मृतक और घायल उन 104 तीर्थयात्रियों के समूह का हिस्सा थे जो तीन बसों में नेपाल आए थे।
इसके बाद भारतीय वायु सेना के एक सैन्य परिवहन विमान ने 25 तीर्थयात्रियों के शवों को महाराष्ट्र के जलगांव पहुंचाया।
दुर्घटना में घायल हुए सोलह यात्रियों का यहां त्रिभुवन विश्वविद्यालय शिक्षण अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।
भाषा नोमान माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
