scorecardresearch
Monday, 23 November, 2026
होमविदेशनासा के वॉयजर-1 ने रचा इतिहास, पृथ्वी से एक प्रकाश-दिवस की दूरी पर पहुंचा

नासा के वॉयजर-1 ने रचा इतिहास, पृथ्वी से एक प्रकाश-दिवस की दूरी पर पहुंचा

Text Size:

(सागर कुलकर्णी)

वाशिंगटन, 19 नवंबर (भाषा) विशाल ब्रह्मांड के अनजाने हिस्से में सफर कर रहे अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के अंतरिक्ष यान वॉयजर-1 ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। वह बुधवार को पृथ्वी से इतनी दूर पहुंच गया, जितनी दूरी तय करने में प्रकाश को एक दिन लगता है।

वर्ष 1977 में प्रक्षेपित वॉयजर-1 अब पृथ्वी से 26 अरब किलोमीटर से अधिक दूर है। इस दूरी को अब किलोमीटर के बजाय प्रकाश-दिवस में मापा जा रहा है। प्रकाश-दिवस वह दूरी है, जिसे प्रकाश एक दिन में तय करता है।

नासा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”18 नवंबर, 2026 को सुबह पांच बजकर 16 मिनट (ईएसटी) पर वॉयजर-1 पृथ्वी से एक प्रकाश-दिवस की दूरी पर पहुंच गया।”

कैलिफोर्निया के पासाडेना स्थित नासा के जेट प्रोपल्शन लेबोरेटरी में वॉयजर मिशन के प्रबंधक करीम बदरुद्दीन ने कहा कि ऐसा पहले कभी नहीं हुआ और संभव है कि भविष्य में भी ऐसा दोबारा न हो। उन्होंने इसे असाधारण उपलब्धि बताया।

सितंबर 1977 में प्रक्षेपित वॉयजर-1 और इसके जुड़वां अंतरिक्ष यान वॉयजर-2 को मूल रूप से केवल पांच साल के अभियान के लिए तैयार किया गया था। इनका उद्देश्य बृहस्पति और शनि ग्रहों का अध्ययन करना था। हालांकि, दोनों यान अनुमानित अवधि से करीब 10 गुना अधिक समय तक काम कर चुके हैं।

दोनों अंतरिक्ष यान अब अंतरतारकीय अंतरिक्ष का अध्ययन कर रहे हैं। वॉयजर-1 ने 2012 में और वॉयजर-2 ने 2018 में सूर्य के चुंबकीय क्षेत्र से निर्मित विशाल सुरक्षात्मक क्षेत्र ‘हेलियोस्फीयर’ को पार कर लिया था।

वॉयजर-1 करीब 61,000 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से अंतरिक्ष में आगे बढ़ रहा है। उसका लक्ष्य ग्लाइज़ 445 नामक तारा है, जो पृथ्वी से 17 प्रकाश-वर्ष से अधिक दूर है। अनुमान है कि करीब 40,000 साल बाद यह यान इस तारे से लगभग 1.7 प्रकाश-वर्ष की दूरी से गुजरेगा।

वॉयजर-1 ने 49 साल, दो महीने और 11 दिन की यात्रा के बाद बुधवार को एक प्रकाश-दिवस की दूरी का ऐतिहासिक पड़ाव पार किया।

नासा के अनुसार, यह यान अब भी अपने ‘डीप स्पेस नेटवर्क’ के माध्यम से पृथ्वी से संपर्क बनाए हुए है और चार सक्रिय वैज्ञानिक उपकरणों के जरिए आंकड़े भेज रहा है। इनमें कॉस्मिक रे टेलीस्कोप, लो-एनर्जी चार्ज्ड पार्टिकल्स एक्सपेरिमेंट, मैग्नेटोमीटर और प्लाज्मा वेव्स एक्सपेरिमेंट शामिल हैं।

वॉयजर अंतरतारकीय मिशन की शुरुआत एक जनवरी, 1990 को हुई थी। इसका उद्देश्य सूर्य के प्रभाव क्षेत्र की बाहरी सीमाओं और उससे आगे के अंतरिक्ष का अध्ययन करना है।

मिशन से जुड़े अधिकारियों का अनुमान है कि वॉयजर-1 अगले तीन से पांच साल तक और काम कर सकता है।

भाषा मनीषा वैभव

वैभव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments