scorecardresearch
Saturday, 13 June, 2026
होमविदेशजयशंकर ने रुबियो से बात कर अमेरिकी नौसेना के हमलों के खिलाफ भारत का कड़ा विरोध जताया

जयशंकर ने रुबियो से बात कर अमेरिकी नौसेना के हमलों के खिलाफ भारत का कड़ा विरोध जताया

Text Size:

(सागर कुलकर्णी)

वाशिंगटन, 13 जून (भाषा) विदेश मंत्री एस जयशंकर ने अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो से बात की और खाड़ी क्षेत्र में अमेरिकी नौसेना के हमलों के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराया, जिनमें तीन भारतीय नाविकों की मौत हो गई है।

जयशंकर ने ‘एक्स’ पर अपनी पोस्ट में रुबियो के साथ हुई बातचीत का उल्लेख करते हुए कहा, ‘‘वाणिज्यिक जहाजों के खिलाफ इस तरह की घातक कार्रवाई उचित नहीं है।’’

इस सप्ताह ओमान तट के पास भारतीय चालक दल वाले तीन जहाजों पर हमले हुए। इनमें से एक हमले में बुधवार को तीन भारतीय नाविकों की मौत हो गई।

जयशंकर ने कहा, ‘‘आज शाम अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो से बात की। मैंने खाड़ी क्षेत्र में अमेरिकी नौसेना के उन हमलों के खिलाफ भारत का कड़ा विरोध दोहराया, जिनमें तीन भारतीय नाविकों की जान गई है।’’

भारत ने इस मामले में अपना विरोध दर्ज कराने के लिए नयी दिल्ली स्थित अमेरिकी दूतावास के प्रभारी अधिकारी को भी तलब किया था।

इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर होर्मुज जलडमरूमध्य से निकल रहे भारतीय जहाजों पर ड्रोन हमले करने का आरोप लगाया था और कहा था कि यह ‘‘पूरी तरह अस्वीकार्य’’ है।

ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया मंच ‘ट्रुथ सोशल’ पर पोस्ट करते हुए दावा किया, ‘‘होर्मुज जलडमरूमध्य से निकल रहे भारतीय जहाजों के खिलाफ बीती रात उनका (ईरान का) पूरी तरह विफल ड्रोन हमला पूरी तरह अस्वीकार्य है। उन्हें तुरंत अपने तौर-तरीके सुधारने होंगे।’’

भाषा गोला सुरभि

सुरभि

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments