देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष के कार्यकाल को जनकल्याण, सुशासन और विकास को समर्पित बताते हुए कहा कि देश अब नारे नहीं, बल्कि काम पर वोट देता है. भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में धामी ने कहा कि 2014, 2019 और 2024 में लगातार मिले जनादेश ने यह साबित किया है कि जनता प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व पर भरोसा करती है.
उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत आत्मविश्वासी, सुरक्षित और दुनिया में सम्मानित राष्ट्र के रूप में उभरा है. धामी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के समय योजनाएं कागजों तक सीमित रहती थीं, जबकि मोदी सरकार में योजनाएं समय पर जमीन पर उतरती हैं. उन्होंने कहा कि सरकार ने डीबीटी के जरिए लाखों करोड़ रुपये सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंचाए हैं.
मुख्यमंत्री ने राम मंदिर निर्माण, अनुच्छेद-370 हटाने, तीन तलाक समाप्त करने, किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत और मुफ्त राशन जैसी योजनाओं को मोदी सरकार की प्रमुख उपलब्धियां बताया. उन्होंने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और आतंकवाद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई ने नए भारत की ताकत दुनिया को दिखाई है.
धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड में तीन लाख करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाएं चल रही हैं. चारधाम ऑल वेदर रोड, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना और दिल्ली-देहरादून आर्थिक कॉरिडोर जैसी योजनाओं से राज्य में कनेक्टिविटी मजबूत हुई है. उन्होंने विश्वास जताया कि भारत जल्द ही दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा और विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करेगा.