बेंगलुरु: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित होने के बाद कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी का आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने अपने पूरे राजनीतिक जीवन में उन्हें जनता की सेवा करने के अवसर दिए हैं.
पत्रकारों से बातचीत में खड़गे ने कहा, “यह मेरा 13वां चुनाव है. मैं सोनिया गांधी का आभारी हूं. उन्होंने मुझे लोगों की सेवा करने के अवसर दिए हैं.”
खरगे बुधवार को कर्नाटक से राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए चार उम्मीदवारों में शामिल थे. नामांकन वापसी की अंतिम तिथि के बाद चार सीटों के लिए केवल चार उम्मीदवार ही मैदान में बचे, जिसके कारण 18 जून को प्रस्तावित मतदान की आवश्यकता नहीं रही.
खरगे के अलावा शिक्षाविद् मंसूर अली खान, जो पूर्व केंद्रीय मंत्री के. रहमान खान के पुत्र हैं, कांग्रेस के मीडिया एवं प्रचार विभाग के अध्यक्ष पवन खेड़ा और भाजपा उम्मीदवार एम. नागराजा भी निर्विरोध राज्यसभा पहुंचे हैं. नागराजा पूर्व में कर्नाटक लोक सेवा आयोग के सदस्य रह चुके हैं.
अधिकारियों के अनुसार, एक वैलिड उम्मीदवार का नामांकन जांच प्रक्रिया में खारिज हो गया था. इसके बाद चार सीटों के लिए केवल चार वैध उम्मीदवार बचे, जिससे चुनाव निर्विरोध हो गया.
भारत के चुनाव आयोग ने 1 जून को 24 राज्यसभा सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनाव की अधिसूचना जारी की थी. इनमें कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और गुजरात की चार-चार सीटें, राजस्थान और मध्य प्रदेश की तीन-तीन सीटें, झारखंड की दो सीटें तथा अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम, मणिपुर और मेघालय की एक-एक सीट शामिल हैं.
इसके अलावा, महाराष्ट्र, तमिलनाडु और ओडिशा की एक-एक राज्यसभा सीट पर उपचुनाव के लिए भी अधिसूचना जारी की गई है.