scorecardresearch
Thursday, 9 April, 2026
होमविदेशइजराइल के विदेश मंत्री ने जयशंकर को पश्चिम एशिया संघर्ष के बारे में जानकारी दी

इजराइल के विदेश मंत्री ने जयशंकर को पश्चिम एशिया संघर्ष के बारे में जानकारी दी

Text Size:

(हरिंदर मिश्रा)

यरुशलम, 19 मार्च (भाषा) इजराइल के विदेश मंत्री गिदोन सार ने बृहस्पतिवार को विदेश मंत्री एस जयशंकर से बात की और उन्हें पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बारे में जानकारी दी।

सार ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘हम दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र भारत के साथ अपनी विशेष रणनीतिक साझेदारी को महत्व देते हैं।’’

सार ने कहा कि उन्होंने जयशंकर को ईरान के खिलाफ इजराइली अभियान के बारे में जानकारी दी।

उन्होंने कहा, ‘‘मैंने कहा कि ईरानी शासन होर्मुज जलडमरूमध्य में नौसैनिक आतंकवाद को अंजाम दे रहा है। यह न तो अमेरिकी मुद्दा है और न ही इजराइली, यह एक मूलभूत समस्या है जो विश्व व्यवस्था और वैश्विक अर्थव्यवस्था को प्रभावित करती है। यदि इस गंभीर समस्या का समाधान अभी नहीं किया गया, तो यह विश्व भर में फैल सकती है।’’

सार ने कहा कि उन्होंने पश्चिम एशिया, काकेशस और यूरोप में ‘‘अन्य देशों के प्रति ईरानी शासन की आक्रामकता’’ के मुद्दे पर भी बात की।

पश्चिम एशिया में संघर्ष 28 फरवरी को शुरू हुआ था जब अमेरिका और इजराइल ने संयुक्त रूप से ईरान पर सैन्य हमले किए, जिसमें ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई और कई शीर्ष कमांडरों की मौत हो गई थी।

इसके जवाब में ईरान ने इजराइल और कई खाड़ी देशों में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया।

भाषा देवेंद्र माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments