scorecardresearch
Saturday, 18 April, 2026
होमविदेशब्रिटेन में नहर में गिरने से भारतीय छात्र की मौत

ब्रिटेन में नहर में गिरने से भारतीय छात्र की मौत

Text Size:

(अदिति खन्ना)

लंदन, 26 जून (भाषा) ब्रिटेन में स्नातकोत्तर स्तर की पढ़ाई कर रहे तमिलनाडु के एक 25 वर्षीय छात्र की बर्मिंघम नहर में गिरने के कारण मौत हो गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

वेस्ट मिडलैंड्स पुलिस ने बृहस्पतिवार तड़के बर्मिंघम के एस्टन विश्वविद्यालय में पढ़ने वाले जीवंत शिवकुमार को वोर्सेस्टर एंड बर्मिंघम नहर में गिरा हुआ पाया।

इसके बाद वेस्ट मिडलैंड्स एम्बुलेंस सेवा को बुलाया गया । बाद में एक बयान में कहा गया कि काफी प्रयासों के बाद भी उस व्यक्ति को नहीं बचाया जा सका।

वेस्ट मिडलैंड्स पुलिस ने सोमवार को एक बयान में कहा, “उस व्यक्ति की मौत को संदिग्ध नहीं माना जा रहा है और शव को आगे की कार्रवाई के लिए मुर्दाघर ले जाया जाएगा।”

इंडियन नेशनल स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आईएनएसए)- यूके का एस्टन यूनिवर्सिटी चैप्टर शिवकुमार के शव को कोयंबटूर में उनके परिवार तक पहुंचाने में मदद कर रहा है।

आईएएसए-यूके ने एक बयान में कहा, “आईएनएसए टीम के रूप में, हमें अपने प्रिय जीवंत शिवकुमार की दुखद और अप्रत्याशित मृत्यु की घोषणा करते हुए गहरा दुख हो रहा है। हम उनके सम्मान और उन्हें याद करने के लिए भारी मन से एकत्र हुए हैं।”

बयान में कहा गया है, “आईएनएसए यह सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव सहायता प्रदान करने को तैयार है कि उनका शव सुरक्षित रूप से उनके घर पहुंचे। आइए हम जीवंत शिवकुमार को प्रेम, करुणा और कृतज्ञता के साथ याद करें।”

भाषा जोहेब नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments