नई दिल्ली: उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक कार्यशैली पर सख्त संदेश दिया है. देहरादून में एक निर्धारित बैठक में न पहुंचकर मुख्यमंत्री सीधे जमीनी हकीकत देखने निकल पड़े, जिससे अधिकारियों में हलचल मच गई.
सीएम हेल्पलाइन 1905 पर लंबित शिकायत के आधार पर मुख्यमंत्री का काफिला राजपुर रोड स्थित जाखन क्षेत्र पहुंचा, जहां शिकायतकर्ता विवेक मदान ने समस्या बताई. निरीक्षण में पाया गया कि विद्युत लाइनों को अंडरग्राउंड करने के बाद फुटपाथ का सही भरान नहीं किया गया, जिससे टाइल्स धंस गई हैं और कुछ जगहों पर तार पूरी तरह भूमिगत नहीं हैं.
मौके पर ही मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से तीखे सवाल पूछे और लापरवाही पर नाराजगी जताई. उन्होंने फुटपाथ के पुनर्निर्माण, विद्युत लाइनों को मानकों के अनुसार भूमिगत करने और दोषियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए.
सचिवालय पहुंचकर भी मुख्यमंत्री का रुख सख्त रहा. उन्होंने सभी शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण, फील्ड वेरिफिकेशन और व्यक्तिगत जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए. साथ ही विभागीय समन्वय सुधारने और जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया.
