scorecardresearch
Thursday, 5 February, 2026
होमविदेशश्रीलंका की पहली यात्रा पर पहुंचा भारतीय नौसेना का पोत ‘मुंबई’

श्रीलंका की पहली यात्रा पर पहुंचा भारतीय नौसेना का पोत ‘मुंबई’

Text Size:

कोलंबो, 26 अगस्त (भाषा) भारतीय नौसेना का पोत ‘मुंबई’ श्रीलंका की तीन दिवसीय यात्रा पर सोमवार को कोलंबो बंदरगाह पहुंचा। इस दौरान यह पोत श्रीलंकाई नौसेना के पोत के साथ ‘पैसेज एक्सरसाइज’ भी करेगा।

श्रीलंका की नौसेना ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि भारतीय नौसेना के युद्धक पोत का नौसैन्य परंपराओं के अनुरूप स्वागत किया गया।

भारतीय उच्चायोग ने रविवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि आईएनएस मुंबई 163 मीटर लंबा विध्वंसक पोत है जिस पर 410 सदस्यों का दल सवार है। उच्चायोग ने कहा कि यह जहाज श्रीलंका के किसी बंदरगाह पर पहली बार आया है और यह इस साल भारतीय जहाजों द्वारा आठवां बंदरगाह दौरा होगा।

श्रीलंकाई नौसेना की ओर से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि जहाज के आगमन पर इसके कमांडर कैप्टन संदीप कुमार ने पश्चिमी नौसेना क्षेत्र के कमांडर रियर एडमिरल चिंताका कुमारसिंघे से पश्चिमी नौसेना कमान मुख्यालय में मुलाकात की।

श्रीलंकाई नौसेना की विज्ञप्ति में कहा गया कि जहाज के कोलंबो में ठहरने के दौरान, इसके चालक दल के सदस्य देश के कुछ पर्यटक केंद्रों का दौरा करेंगे।

उसने कहा, ‘जहाज के परिचालन कार्यों पर एक सत्र आईएनएस मुंबई पर श्रीलंकाई नौसेना के कर्मियों के लिए आयोजित किया जाएगा।’

उच्चायोग के अनुसार, आईएनएस मुंबई – दिल्ली श्रेणी के विध्वंसकों में से तीसरा – श्रीलंका वायुसेना (एसएलएएफ) द्वारा संचालित डोर्नियर समुद्री गश्ती विमान के लिए आवश्यक पुर्जे लाएगा – जिसके पायलट और फ्लाइट नेविगेटर भारतीय नौसेना द्वारा प्रशिक्षित किए जा रहे हैं। उच्चायोग के अनुसार इसके अलावा, भारतीय नौसेना एक तकनीकी टीम और पुर्जों के साथ विमान के रखरखाव का समर्थन भी करती है।

उसने कहा कि जहाज श्रीलंकाई नौसेना के साथ संयुक्त गतिविधियों जैसे खेल, योग और तटीय क्षेत्र की सफाई आदि में भी संलग्न रहेगा। आईएनएस मुंबई 29 अगस्त को कोलंबो तट पर श्रीलंका नौसेना के जहाज के साथ एक ‘पैसेज एक्सरसाइज’ में भी भाग लेगा।

स्वदेश निर्मित आईएनएस मुंबई को 22 जनवरी, 2001 को भारतीय नौसेना में शामिल किया गया था।

भाषा अमित मनीषा

मनीषा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments