दुबई, 18 नवंबर (भाषा) जेद्दा स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने सऊदी अरब में हज यात्रियों से जुड़ी बस दुर्घटना में मारे गए भारतीयों के परिजनों की सहायता के लिए मदीना में एक शिविर कार्यालय स्थापित किया है। मिशन की तरफ से मंगलवार को यह जानकारी दी गयी।
सोमवार तड़के मदीना के निकट एक बस और ईंधन टैंकर के बीच हुई टक्कर में उमरा के लिये गए 44 भारतीय मारे गए, जिनमें 42 तेलंगाना के थे।
स्थानीय अधिकारियों ने पुष्टि की है कि एक भारतीय जीवित बचा है और उसका इलाज जारी है।
सोशल मीडिया पर पोस्ट में वाणिज्य दूतावास ने कहा कि उसने दुर्घटना में मारे गए भारतीयों के परिवारों की सहायता के लिए मदीना स्थित भारतीय हज यात्री कार्यालय में शिविर कार्यालय स्थापित किया है।
एक अलग पोस्ट में मिशन ने कहा कि महावाणिज्य दूत फहद अहमद खान सूरी ने दुर्घटना में जीवित बचे एकमात्र व्यक्ति अब्दुल शोएब मोहम्मद से मुलाकात की, जिनका फिलहाल मदीना के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है।
इसमें कहा गया, “संबंधित अस्पताल अधिकारियों ने सूचित किया है कि उन्हें (अब्दुल को) सर्वोत्तम संभव चिकित्सा सुविधा प्रदान की जा रही है। वाणिज्य दूतावास उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता है।”
भाषा
प्रशांत दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
