scorecardresearch
Friday, 23 October, 2026
होमविदेशयमन के तट के पास भारतीयों को ले जा रही नौका से जुड़ी कथित घटना के ‘तथ्यों’ का पता लगा रहे : भारत

यमन के तट के पास भारतीयों को ले जा रही नौका से जुड़ी कथित घटना के ‘तथ्यों’ का पता लगा रहे : भारत

Text Size:

दुबई , 23 अक्टूबर (भाषा) यमन में भारतीय दूतावास ने शुक्रवार को कहा कि वह यमन के तट के पास कथित तौर पर एक नौका पर सवार 14 भारतीय नागरिकों से जुड़ी घटना की जानकारी जुटा रहा है और इसके लिए उसने विभिन्न पक्षों से संपर्क किया है।

अरब के कुछ मीडिया संस्थानों ने बृहस्पतिवार को यमन के हूती विद्रोही बल के प्रवक्ता याह्या सरी के हवाले से दावा किया कि सऊदी अरब के बलों ने लाल सागर में यमन के तट के पास यूकर द्वीप के निकट एक भारतीय नौका को निशाना बनाया।

सरी ने कहा कि नौका पर 14 भारतीय नागरिक सवार हैं और हूती बल उन्हें बचाने में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि घटना के बारे में और जानकारी बाद में दी जाएगी।

भारतीय दूतावास ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘हम 22 अक्टूबर को यमन के तट के पास हुई घटना के बारे में अधिक जानकारी जुटाने के प्रयास जारी रखे हुए हैं….।’’

यह घटना ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों और सऊदी अरब के बीच बढ़ते संघर्ष के बीच हुई है। दोनों पक्ष एक-दूसरे के बुनियादी ढांचे को निशाना बना रहे हैं।

दूतावास ने कहा, ‘‘क्षेत्र में मौजूदा संघर्ष की स्थिति को देखते हुए फिलहाल सटीक जानकारी उपलब्ध नहीं है। घटना की परिस्थितियों और तथ्यों का पता लगाने के लिए हमने विभिन्न पक्षों से संपर्क किया है। हमें उम्मीद है कि प्रामाणिक जानकारी मिलते ही हम आगे की जानकारी साझा कर सकेंगे।’’

भारतीय दूतावास ने बृहस्पतिवार को भी कहा था कि वह यमन के तट के पास एक नौका पर सवार 14 भारतीय नागरिकों से जुड़ी घटना की जानकारी जुटा रहा है।

दूतावास ने सोशल मीडिया पर कहा था, ‘‘हम घटना के बारे में और जानकारी जुटा रहे हैं और भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर संभव सहायता प्रदान करेंगे।’’

इस बीच, बुधवार को सऊदी अरब के एक प्रमुख हवाई अड्डे और तेल क्षेत्र पर हुए दो अलग-अलग हमलों में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए थे।

भाषा गोला शोभना

शोभना

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments