scorecardresearch
Saturday, 18 April, 2026
होमविदेशभारत ने रूस-यूक्रेन वार्ता में 'उद्देश्यपूर्ण सहमति' कायम करने की अपील की: तिरुमूर्ति

भारत ने रूस-यूक्रेन वार्ता में ‘उद्देश्यपूर्ण सहमति’ कायम करने की अपील की: तिरुमूर्ति

Text Size:

(योषिता सिंह)

संयुक्त राष्ट्र, 30 मार्च (भाषा) भारत ने रूस और यूक्रेन के बीच जारी वार्ता में ‘उद्देश्यपूर्ण सहमति’ कायम करने का आह्वान किया है और उम्मीद जताई है कि तनाव को तत्काल कम करने की दिशा में जल्द ही सहमति बन सकती है।

रूस और यूक्रेन ने मंगलवार को इस्तांबुल में वार्ता की। रूस ने कहा कि वह यूक्रेन की राजधानी कीव और एक उत्तरी शहर के पास सैन्य अभियानों को कम करेगा। रूस के इस बयान से 24 फरवरी से शुरू हुए युद्ध को समाप्त करने के लिए एक समझौता होने की उम्मीद जगी है।

संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि टी.एस. तिरुमूर्ति ने कहा, ”भारत मौजूदा स्थिति को लेकर बहुत चिंतित है, जो संघर्ष की शुरुआत से लगातार बिगड़ती जा रही है।”

तिरुमूर्ति ने मंगलवार को यूक्रेन में मानवीय स्थिति पर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की ब्रीफिंग के दौरान यूक्रेन में सशस्त्र संघर्ष से प्रभावित क्षेत्रों में निर्बाध रूप से मानवीय मदद पहुंचाने की भारत की मांग को दोहराया।

यूक्रेन और रूस के बीच शांति वार्ता के मध्य, तिरुमूर्ति ने कहा कि भारत ‘दोनों पक्षों के बीच जारी वार्ता में उद्देश्यपूर्ण सहमति का आह्वान करता है।

उन्होंने कहा, ”हमें उम्मीद है कि जल्द ही सहमति बन सकती है। यह स्पष्ट रूप से हमारे सामूहिक हित में है कि एक ऐसा समाधान खोजा जाए जो इस क्षेत्र और उसके बाहर दीर्घकालिक शांति व स्थिरता हासिल करने के उद्देश्य से तनाव को तत्काल कम कर सके।”

भाषा जोहेब शोभना

शोभना

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments