scorecardresearch
Thursday, 30 April, 2026
होमविदेशइमरान खान की बहनों को जमानत मिली

इमरान खान की बहनों को जमानत मिली

Text Size:

(सज्जाद हुसैन)

इस्लामाबाद, 25 अक्टूबर (भाषा) पाकिस्तान की एक अदालत ने शुक्रवार को जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की दो बहनों को जमानत दे दी।

इमरान की बहनों को यहां एक विरोध प्रदर्शन के दौरान इस महीने की शुरुआत में आतंकवाद रोधी अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया था।

खान की पत्नी बुशरा बीबी को भ्रष्टाचार के मामले में नौ महीने जेल में बिताने के बाद बृहस्पतिवार को जमानत मिली थी और आज पूर्व प्रधानमंत्री की दोनों बहनों को जमानत दी गयी।

बुशरा बीबी जमानत मिलने से पहले करीब नौ महीने जेल में रही थी।

दोनों बहनों को चार अक्टूबर को राष्ट्रीय राजधानी में खान की पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) पार्टी द्वारा विरोध प्रदर्शन के दौरान गिरफ्तार किया गया था और कोहसर पुलिस थाना में मामला दर्ज किया गया था। उन्होंने गिरफ्तारी को चुनौती दी थी।

इस्लामाबाद स्थित आतंकवाद-रोधी अदालत के न्यायाधीश अबुल हसनत जुल्करनैन ने 20,000 रुपये के जमानती मुचलका जमा कराने की शर्त के साथ उनकी जमानत अर्जी स्वीकार कर ली।

इससे पहले, कार्यवाही के दौरान न्यायाधीश ने सभी असंबंधित व्यक्तियों को न्यायालय कक्ष से बाहर जाने का आदेश दिया।

खान की बहनों की ओर से पेश वकील नियाजुल्लाह नियाजी ने दलीलें दीं कि दोनों बहनों की गिरफ़्तारी ‘अवैध’ थी, क्योंकि उन्हें चार अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया था और छह अक्टूबर तक उन्हें न्यायालय में पेश नहीं किया गया था।

उन्होंने कहा, ‘यह गिरफ्तारी अवैध हो गई है और (वे) तत्काल रिहाई की हकदार हैं।’

भाषा सुरेश धीरज

धीरज

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments