(एंगस नर्स, कानून और पर्यावरण न्याय में प्रोफेसर, एंग्लिया रस्किन विश्वविद्यालय)
कैम्ब्रिज, तीन फरवरी (द कन्वरसेशन) ब्रिटेन को लंबे समय से दुनिया के सबसे मजबूत पशु कल्याण कानूनों वाले देशों में से एक माना जाता है। मवेशियों के साथ क्रूर व्यवहार पर मार्टिन के कृत्य से शुरू होकर, पशु कल्याण अधिनियम 2006 और फिर सेवा पशुओं की रक्षा के लिए फिन के कानून तक, ब्रिटेन के पशु कल्याण कानूनों ने जानवरों को होने वाले नुकसान और क्रूरता को कम करने की कोशिश की है। लेकिन क्या होता है जब इनसान के यह साथी जानवर केवल अपनी आनुवंशिक संरचना के कारण पीड़ित होते हैं या कम जीवन जीते हैं?
कुत्ते, औसतन, 10-13 साल तक जीवित रहते हैं, जो लगभग 60-74 मानव वर्षों के बराबर माना जाता है।
साइंटिफिक रिपोर्ट्स में प्रकाशित एक नए अध्ययन के अनुसार, यूके में छोटे, लंबी नाक वाले कुत्तों की जीवन प्रत्याशा सबसे अधिक है, जबकि अंग्रेजी बुलडॉग जैसे मध्यम आकार, सपाट चेहरे वाली नस्लों के नर कुत्तों की जीवन प्रत्याशा सबसे कम है। शोध टीम के नतीजे 150 से अधिक विभिन्न नस्लों के 580,000 से अधिक व्यक्तिगत कुत्तों के डेटा पर आधारित थे और उन कुत्तों की पहचान करने में मदद कर सकते हैं जिनकी शीघ्र मृत्यु का खतरा सबसे अधिक है।
यह अध्ययन महत्वपूर्ण है, न केवल इसके आकार और दायरे के कारण, बल्कि इसलिए भी क्योंकि इस प्रकार का बहुत कम शोध पहले किया गया था। हमारे पास मनुष्यों के लिए जीवन प्रत्याशा सारणी और शोध हैं जो दिखाते हैं कि विभिन्न कारकों के अनुसार हमसे कितने समय तक जीवित रहने की उम्मीद की जा सकती है। लेकिन कुत्ते की जीवन प्रत्याशा पर बहुत कम शोध हुआ है जिसमें इस बात पर विचार किया गया है कि विभिन्न कारक जीवनकाल को कैसे प्रभावित करते हैं।
शोध दल ने यूके के 18 विभिन्न स्रोतों से डेटा का उपयोग करके 584,734 कुत्तों का एक डेटाबेस बनाया। इनमें नस्ल रजिस्ट्रियां, पशु चिकित्सक, पालतू पशु बीमा कंपनियां, पशु कल्याण दान और शैक्षणिक संस्थान शामिल थे।
शामिल किए गए कुत्ते 155 शुद्ध नस्लों में से एक थे या क्रॉसब्रीड के रूप में वर्गीकृत थे, और 284,734 कुत्ते डेटाबेस में जोड़े जाने से पहले ही मर गए थे। सभी कुत्तों के लिए नस्ल, लिंग, जन्म तिथि और मृत्यु तिथि (यदि लागू हो) शामिल की गई थी।
केनेल क्लब के साहित्य के आधार पर शुद्ध नस्ल के कुत्तों को आकार (छोटे, मध्यम या बड़े) और सिर के आकार (छोटी नाक, मध्यम नाक और लंबी नाक) श्रेणियों में विभाजित किया गया था। इसके बाद शोधकर्ताओं ने सभी नस्लों के लिए व्यक्तिगत रूप से और फिर क्रॉसब्रीड समूह के लिए औसत जीवन प्रत्याशा की गणना की। अंत में, उन्होंने लिंग, आकार और सिर के आकार के प्रत्येक संयोजन के लिए जीवन प्रत्याशा की गणना की।
कुत्ते कितने समय तक जीवित रहते हैं? डॉग्स ट्रस्ट के शोधकर्ताओं का यह अध्ययन हमें हमारे इन साथियों की जीवन प्रत्याशा के बारे में नई जानकारी प्रदान करता है। शोधकर्ताओं ने पाया कि छोटी, लंबी नाक वाली मादा कुत्तों की कुल मिलाकर शुद्ध नस्लों में सबसे लंबी उम्र होती है, जिनकी औसत उम्र 13.3 साल होती है। लेकिन चपटे चेहरे वाली नस्लों का औसत जीवनकाल 11.2 वर्ष होता है, और स्पैनियल जैसे मध्यम लंबाई के थूथन वाले कुत्तों की तुलना में कम जीवन का जोखिम 40% बढ़ जाता है।
12 सबसे लोकप्रिय नस्लों में से, जो डेटाबेस में दर्ज सभी शुद्ध नस्लों का 50% से अधिक है, लैब्राडोर की औसत जीवन प्रत्याशा 13.1 वर्ष थी, जैक रसेल टेरियर्स की औसत जीवन प्रत्याशा 13.3 वर्ष थी, और कैवेलियर किंग चार्ल्स स्पैनियल की औसत जीवन प्रत्याशा 11.8 वर्ष थी।
शुद्ध नस्लों की औसत जीवन प्रत्याशा क्रॉसब्रीड (12.0 वर्ष की तुलना में 12.7 वर्ष) की तुलना में अधिक थी, जबकि मादा कुत्तों की औसत जीवन प्रत्याशा नर की तुलना में थोड़ी अधिक थी (12.4 वर्ष की तुलना में 12.7 वर्ष)।
कम जीने के कारण
शोध ने पहले सुझाव दिया है कि बुलडॉग नस्ल और पग जैसे छोटी नाक वाले कुत्तों की लोकप्रियता बढ़ रही है। ये कुत्ते पालतू जानवर के रूप में फैशनेबल और अत्यधिक बेशकीमती हो गए हैं, लेकिन ब्रैकीसेफेलिक ऑब्सट्रक्टिव एयरवे सिंड्रोम (बोआस) सहित विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं से ग्रस्त हैं।
इस संभावित जीवन-घातक स्थिति में हांफना, ज़्यादा गरम होना, व्यायाम के प्रति असहिष्णुता, जी मिचलाना, गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल संकेत और नींद में गड़बड़ी जैसे लक्षण शामिल हैं। तो इनमें से कुछ कुत्तों के लिए, उनका जीवन संभावित रूप से पीड़ा से भरा हुआ है। इस नवीनतम अध्ययन से पता चलता है कि उनके कम जीवन जीने की भी संभावना होती है।
इससे कुत्ते के स्वामित्व और बोआस से पीड़ित होने वाले कुत्तों के प्रजनन की नैतिकता के बारे में कुछ सवाल उठते हैं। इसे उन कुत्तों के प्रजनन के प्रति क्रूरता के रूप में देखा जा सकता है जिन्हें इसके कारण कष्ट सहना पड़ता है।
नीदरलैंड सहित अन्य देशों ने इस बात पर विचार किया है कि क्या ऐसी पीड़ा को रोकने के लिए इन कुत्तों के प्रजनन को सीमित किया जाए और हम उम्मीद कर सकते हैं कि ब्रिटेन का कानून इस पर विचार करेगा।
पशु कल्याण अधिनियमों में अच्छे पशु कल्याण प्रदान करने का कर्तव्य शामिल है। इसका मतलब यह है कि कुत्ते के मालिकों को अपने चुने हुए साथी जानवर की ज़रूरतों को समझना चाहिए और आश्वस्त होना चाहिए कि वे उन्हें प्रदान कर सकते हैं।
भविष्य के अनुसंधान और पशु कल्याण हस्तक्षेपों के लिए संभावित दिशाओं की पहचान करने के अलावा, यह अध्ययन कुछ महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करता है जो कुछ संभावित मालिकों को यह तय करने में मदद कर सकता है कि कौन सा कुत्ता उनके लिए सही है।
द कन्वरसेशन एकता एकता
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.