scorecardresearch
Wednesday, 25 March, 2026
होमविदेशबांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया अस्पताल के सीसीयू में भर्ती

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया अस्पताल के सीसीयू में भर्ती

Text Size:

ढाका, 27 नवंबर (भाषा) बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री और बीएनपी अध्यक्ष खालिदा जिया को बृहस्पतिवार को एक विशेष अस्पताल के ‘कोरोनरी केयर यूनिट’ (सीसीयू) में भर्ती कराया गया। पार्टी के मीडिया प्रकोष्ठ ने यहां यह जानकारी दी।

अस्पताल में, जिया (80) की कई स्वास्थ्य समस्याओं का इलाज चल रहा है।

तीन बार प्रधानमंत्री रह चुकीं और बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की प्रमुख को रविवार रात सीने में संक्रमण होने पर भर्ती कराया गया था।

बीएनपी मीडिया प्रकोष्ठ के सदस्य शैरुल कबीर खान ने संवाददाताओं को बताया, ‘‘बांग्लादेशी और विदेशी चिकित्सकों के एक मेडिकल बोर्ड की कड़ी निगरानी में उनका सीसीयू में इलाज चल रहा है।’’

खान ने बताया कि उन्होंने जिया के निजी चिकित्सक और बीएनपी की नीति निर्धारक स्थायी समिति के सदस्य एजेडएम जाहिद हुसैन से मुलाकात की, जिन्होंने इस बात की पुष्टि की कि पार्टी सुप्रीमो का विशेष रूप से फेफड़ों और हृदय के संक्रमण का इलाज किया जा रहा है।

दिवंगत बांग्लादेशी राष्ट्रपति ज़ियाउर रहमान की पत्नी जिया, लीवर और किडनी की समस्याएं, मधुमेह, गठिया और आंखों से संबंधित समस्याओं सहित कई रोगों से पीड़ित हैं।

उनके इकलौते बेटे और बीएनपी के कार्यवाहक अध्यक्ष तारिक रहमान 2008 से लंदन में रह रहे हैं। उनके दूसरे बेटे अराफात रहमान का 2025 में इसी साल निधन हो गया था।

इस वर्ष की शुरुआत में, जिया चार महीने तक उन्नत चिकित्सा उपचार के बाद छह मई को लंदन से स्वदेश लौटी थीं।

भाषा सुभाष संतोष

संतोष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments