scorecardresearch
Tuesday, 14 April, 2026
होमविदेशडॉ आशीष झा कोविड से निपटने संबंधी सूचनाओं को प्रभावी तरीके से साझा करेंगे : व्हाइट हाउस

डॉ आशीष झा कोविड से निपटने संबंधी सूचनाओं को प्रभावी तरीके से साझा करेंगे : व्हाइट हाउस

Text Size:

(ललित के झा)

वाशिंगटन, 18 मार्च (भाषा) व्हाइट हाउस ने कहा है कि अमेरिका में कोविड-19 के खिलाफ अभियान के नये समन्वयक डॉ आशीष झा महामारी से निपटने के तौर-तरीकों के बारे में सूचनाओं को प्रभावी ढंग से साझा करने का कौशल रखते हैं।

राष्ट्रपति जो बाइडन ने डॉ झा को कोरोना वायरस महामारी पर अपना शीर्ष सलाहकार नियुक्त किया है। वह जेफरी ज़िएंट्स का स्थान लेंगे।

डॉ झा, ब्राउन विश्वविद्यालय में जन स्वास्थ्य डीन है। भारतीय मूल के अमेरिकी डॉक्टर का कार्यकाल पांच अप्रैल से शुरू होगा।

बाइडन ने डॉ झा की नियुक्ति की घोषणा करते हुए कहा कि वह कोविड-19 पर व्हाइट हाउस के नये प्रतिक्रिया समन्वयक होंगे और वह अमेरिका के प्रमुख स्वास्थ्य विशेषज्ञ हैं।

व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव जेन साकी ने बृहस्पतिवार को दैनिक प्रेस वार्ता में पत्रकारों से कहा कि महामारी से निपटने और इसके प्रति रुख जारी रखने में हम किस तरह से आगे बढ़ रहे हैं, उस बारे में डॉ झा सूचनाओं से प्रभावी तरीके से अवगत कराने में सक्षम हैं।

एक बयान में 51 वर्षीय झा ने कहा कि वह अमेरिकी लोगों के साथ एकदम स्पष्ट रहेंगे और कोविड-19 के बारे में स्पष्ट जानकारी साझा करेंगे।

डॉ झा ने ट्विटर पर कहा कि महामारी को लेकर अबतक काफी प्रगति की गई है। उन्होंने कहा, “ हमें अमेरिकियों की जिंदगी बचाने और सलामती के लिए अब भी महत्वपूर्ण कार्य करने हैं। मुझ से समन्वयक पद पर सेवा देने के लिए कहा गया है जो मेरे लिए सम्मान की बात है।”

भारतीय-अमेरिकियों की आवाज़ उठाने वाले संगठन ‘इम्पैक्ट’ के कार्यकारी निदेशक नील मखीजा ने कहा कि झा को नियुक्त करना जन सुरक्षा के लिए एकदम सही फैसला है।

अमेरिका में कोविड से अबतक 9.7 लाख से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है।

भाषा

नोमान सुभाष

सुभाष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments