scorecardresearch
Friday, 23 October, 2026
होमविदेशयमन तट के पास नौका पर सवार 14 भारतीयों से जुड़ी घटना का विवरण जुटाया जा रहा: भारतीय दूतावास

यमन तट के पास नौका पर सवार 14 भारतीयों से जुड़ी घटना का विवरण जुटाया जा रहा: भारतीय दूतावास

Text Size:

दुबई, 22 अक्टूबर (भाषा) यमन स्थित भारतीय दूतावास ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह यमन के तट के पास एक नौका पर सवार 14 भारतीय नागरिकों से जुड़ी घटना के बारे में जानकारी जुटा रहा है और क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव मदद मुहैया कराएगा।

दूतावास ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “हमें आज यमन के तट के पास एक नौका पर सवार 14 भारतीय नागरिकों से जुड़ी घटना के बारे में खबरें मिली हैं।”

उसने कहा, “हम घटना के बारे में और जानकारी जुटा रहे हैं तथा भारतीय नागरिकों की सुरक्षा एवं कुशलक्षेम सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव मदद मुहैया कराएंगे।”

इससे पहले, कुछ मीडिया संस्थानों ने यमन के हूती प्रवक्ता याह्या सरी के हवाले से दावा किया था कि लाल सागर में यमन के तट के पास जुकर द्वीप के नजदीक सऊदी बलों ने भारतीय नागरिकों वाली नौका को निशाना बनाया है।

सरी ने कहा कि नौका पर 14 भारतीय नागरिक सवार हैं और हूती बल उन्हें बचाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस बारे में बाद में और जानकारी दी जाएगी।

हाल के महीनों में ईरान समर्थित हूति विद्रोहियों और सऊदी अरब के बीच टकराव बढ़ गया है, जिसमें दोनों पक्ष एक-दूसरे की सुविधाओं और बुनियादी ढांचे को निशाना बना रहे हैं।

सऊदी अरब में बुधवार को एक प्रमुख हवाई अड्डे और एक तेल प्रतिष्ठान पर हुए दो अलग-अलग हमलों में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए।

भाषा

प्रचेता पारुल

पारुल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments