scorecardresearch
Saturday, 25 April, 2026
होमविदेशबीएनपी अध्यक्ष खालिदा जिया आम चुनाव लड़ेंगी : पार्टी नेता

बीएनपी अध्यक्ष खालिदा जिया आम चुनाव लड़ेंगी : पार्टी नेता

Text Size:

ढाका, 30 जुलाई (भाषा) बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की अध्यक्ष और पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया आगामी आम चुनाव लड़ेंगी। उनकी पार्टी के एक नेता ने बुधवार को यह जानकारी दी।

‘डेली स्टार’ अखबार की खबर के अनुसार, बीएनपी उपाध्यक्ष अब्दुल अवल मिंटू ने कहा कि 79 वर्षीय पार्टी प्रमुख ठीक हैं और वह चुनाव लड़ेंगी।

फेनी जिला प्रशासन द्वारा आयोजित एक विचार-विमर्श बैठक के बाद मिंटू ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘वह फेनी से चुनाव लड़ेंगी क्योंकि अब उनका स्वास्थ्य अच्छा है।’’

जिया के बेटे और कार्यवाहक बीएनपी अध्यक्ष तारिक रहमान के साथ अपनी चर्चा के बारे में मिंटू ने कहा कि उनका मानना है कि चुनाव फरवरी के पहले सप्ताह में होंगे। रहमान वर्तमान लंदन में हैं।

अखबार ने उनके हवाले से कहा, ‘‘मुझे लगता है कि देश के मौजूदा हालात को देखते हुए चुनाव फरवरी से पहले भी हो सकते हैं क्योंकि कार्यवाहक सरकार को लेकर उच्चतम न्यायालय में एक मामला लंबित है। अगर कार्यवाहक सरकार बनती है तो चुनाव 90 दिनों के भीतर होने चाहिए।’’

जिया चार महीने के इलाज के बाद मई में लंदन से ढाका लौटीं। जनवरी में वह बेहतर चिकित्सा देखभाल के लिए लंदन गई थीं।

ज़िया लंबे समय से लिवर सिरोसिस, गुर्दा संबंधी रोग, हृदय रोग, मधुमेह और गठिया से पीड़ित हैं।

ढाका की अदालत द्वारा जिया अनाथालय ट्रस्ट भ्रष्टाचार मामले में सजा सुनाए जाने के बाद बीएनपी अध्यक्ष को आठ फरवरी, 2018 को ओल्ड ढाका सेंट्रल जेल में रखा गया था।

कोविड-19 महामारी के दौरान तत्कालीन शेख हसीना के नेतृत्व वाली अवामी लीग सरकार ने 776 दिन के बाद एक कार्यकारी आदेश के माध्यम से जिया को अस्थायी रूप से जेल से रिहा कर दिया था और 25 मार्च, 2020 को उनकी सजा को इस शर्त के साथ निलंबित कर दिया था कि वह अपने घर में रहेंगी और देश नहीं छोड़ेंगी।

पिछले साल छह अगस्त को हसीना शासन के हटने के बाद जिया को राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन के एक आदेश द्वारा रिहा कर दिया गया था।

भाषा सुरभि नेत्रपाल

नेत्रपाल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments