बीजिंग, 23 मई (भाषा) उत्तरी चीन की एक कोयला खदान में गैस विस्फोट होने से 90 खनिकों की मौत हो गई। बीजिंग के आधिकारिक मीडिया ने शनिवार को यह जानकारी दी।
गैस विस्फोट शुक्रवार शाम लिउशेन्यु कोयला खदान में हुआ। हादसे के समय खदान में 247 खनिक मौजूद थे।
सरकारी मीडिया की खबर के अनुसार, उत्तरी चीन के शानशी प्रांत के क्विनयुआन काउंटी में कोयला खदान में विस्फोट होने से मारे गए लोगों की संख्या बढ़कर 90 हो गई है।
इसके अनुसार बचाए गए लोगों में से लगभग 123 लोगों का अस्पतालों में इलाज किया जा रहा है, जिनमें से दो की हालत गंभीर है।
खबर के अनुसार नौ लोग अभी भी लापता हैं और बचाव अभियान जारी है।
एक बचावकर्मी ने सरकारी समाचार एजेंसी ‘शिन्हुआ’ को बताया, ‘‘जब तक उम्मीद है, हम लोगों को बचाने का हर संभव प्रयास करेंगे।’’
चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने व्यापक पैमाने पर बचाव अभियान चलाए जाने और घायलों का उपचार सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने हादसे के बाद की स्थिति से उचित तरीके से निपटने, इसके कारणों की गहन जांच करने और कानून के अनुसार जवाबदेही तय करने के भी निर्देश दिए।
चिनफिंग ने कहा कि इस हादसे से देशभर के प्राधिकारियों को सबक लेना चाहिए, कार्यस्थल पर सुरक्षा को लेकर सतर्क रहना चाहिए और संभावित जोखिमों की पहचान कर उन्हें दूर करने के प्रयास तेज करने चाहिए, ताकि हादसों को रोका जा सके।
उपप्रधानमंत्री झांग गुओकिंग बचाव अभियान की निगरानी के लिए एक दल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
चीन में हालांकि इस तरह की घटनाएं लगभग हर साल होती हैं, लेकिन सबसे भीषण खनन दुर्घटना 2005 में हुई थी, जिसमें चीन के उत्तरपूर्वी हिस्से में स्थित लियाओनिंग प्रांत की सुनजियावान कोयला खदान में गैस विस्फोट के बाद 214 लोगों की मौत हो गई थी।
भाषा
देवेंद्र पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.